Law and Order: केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल बोले- संविधान के मुताबिक चलेगा देश, मतांतरण विरोधी कानून पर किए जाएंगे हरसंभव प्रयास
देश में मतांतरण विरोधी कानूनी लाने की आवश्यकता पर केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने शनिवार को कहा कि जो भी राष्ट्र हित में होगा वह किया जाएगा। देश संविधान और कानून के मुताबिक चलेगा।
पणजी, आइएएनएस। देश में मतांतरण विरोधी कानून लाने की आवश्यकता पर केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने शनिवार को कहा कि जो भी राष्ट्र हित में होगा, वह किया जाएगा। हाल ही में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो मतांतरण रोकने के लिए राज्य में मतांतरण विरोधी कानून लाया जाएगा। बघेल ने अपने गोवा दौरे पर कहा कि देश संविधान और कानून के मुताबिक चलेगा।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में बघेल ने कहा कि हम वह सब कुछ करेंगे जोकि राष्ट्र के हित में होगा। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने जमीन, आकाश और पाताल में भ्रष्टाचार करने के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि बोफोर्स, 2जी, 3जी, कोयला, कामनवेल्थ और कृष्णा मेनन के जीप घोटाले जैसे एक के बाद एक बड़े घोटाले किए हैं। उनके पास हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार है।
उन्होंने पिछले आठ वषरें में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की। पैगंबर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को हुए विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बघेल ने कहा कि ये संगठित विरोध प्रदर्शन थे क्योंकि ये एक ही दिन में हुए हैं।
उन्होंने कहा, शुक्रवार एक पवित्र दिन है। पवित्र स्थानों का इस्तेमाल राजनीति के लिए नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे कृत्यों के लिए उन लोगों का इस्तेमाल करना गलत है जोकि प्रार्थना के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि देश नारों से नहीं बल्कि संविधान और कानून से ही चलेगा।