image

रविवार से शुरू होगा पोलियो अभियान - सीएमओ ने की अपील

आगरा

आगरा। जनपद में पल्स पोलियो अभियान फिर से शुरू हो रहा है। छह दिवसीय सघन पल्स पोलियो अभियान 18 सितंबर (रविवार) से शुरू होगा। 16 सितंबर (शुक्रवार) को इसके लिए आगरा कॉलेज ग्राउंड से सुभाष पार्क तक जागरुकता रैली निकाली जाएगी। जिसका उदघाटन मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकंडन करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान में इस बार 7.3 लाख बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। पल्स पोलियो अभियान का बूथ दिवस  18 सितंबर रविवार को आयोजित होगा। 
सीएमओ ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने को लेकर सभी की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई है। एक भी बच्चा दवा पीने से वंचित नहीं हो पाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने शून्य से पांच साल तक के बच्चों को हर हाल में पोलियो की खुराक पिलाने के लिए अपील की है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन पोलियो कुछ देशों में अभी भी है और फिर लौट सकता है। इस वजह से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर रविवार को 2680 बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। जो बच्चे बूथ दिवस पर दवा पीने से छूट जाएंगे। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें 19 से 23 सितंबर (सोमवार से शुक्रवार) तक घर घर जाकर दवा पिलाएंगी। इसके बाद भी जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें 26 सितंबर सोमवार को दवा पिलाई जाएगी। 

डीपीएम कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र और नगरीय क्षेत्र में  टीमें अभियान में लगाई जाएंगी। इसके अलावा जिला स्तर पर जिला स्तरीय अधिकारी भी पल्स पोलियो टीमों का औचक निरीक्षण करेंगे। पल्स पोलियो अभियान का रोजाना शाम को ब्लॉक स्तर के नोडल अधिकारियों द्वारा फीडबैक लिया जाएगा और अभियान की समीक्षा होगी।

Post Views : 316

यह भी पढ़ें

Breaking News!!