image

अंतरिक्ष की गहराइयों में विलीन होने से पहले बहुत कुछ दे गया मंगलयान

Mangalyaan Mission निसंदेह मंगलयान ने अंतरिक्ष विज्ञान में जो मुकाम इसरो को दिलाया है उसकी तुलना नहीं हो सकती है पर अब जब तक मंगलयान-दो का सफल प्रक्षेपण नहीं हो जाता भारत को कई मामलों में दूसरे देशों पर निर्भर होना पड़ सकता है।

प्रकृति का नियम है कि हर चीज की एक निश्चित आयु होती है। यह दर्शन सभी पर बराबर लागू होता है-चाहे वह जीवित प्राणी हो या मशीन। पता चला है कि जिस मंगलयान को भारत ने सिर्फ छह महीने के लिए मंगल ग्रह की कक्षा में भेजा था, अब वह अंतरिक्ष की गहराइयों में विलीन हो गया है। हालांकि खामोश होने से पहले मंगलयान अपनी तयशुदा जिंदगी से 16 गुना ज्यादा यानी आठ साल आठ दिन जीवित रहा और इस अवधि में उसने वह सब कुछ दिया, जिसका हमारा देश हकदार है।

पांच नवंबर, 2013 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान यानी इसरो के श्रीहरिकोटा स्पेस सेंटर से पोलर सैटेलाइट व्हीकल (पीएसएलवी) सी-25 की मदद से प्रक्षेपित भारत के इस पहले मंगल मिशन का आधिकारिक कार्यकाल 24 मार्च, 2015 तक ही था, लेकिन करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से 1,350 किलोग्राम वजनी मंगलयान को इसकी बैटरियों ने इतने लंबे समय तक जीवित रखा और ऐसे कीर्तिमान रचने लायक बना दिया, जिसकी उम्मीद नहीं थी।

इसरो ने करिश्मा कर दिखाया

यह तथ्य कोई नहीं भूला है कि जितने में हालीवुड की फिल्म ग्रैविटी बनी थी, तकरीबन उतनी लागत में इसरो ने वह करिश्मा कर दिखाया, जो उससे पहले अमेरिका और सोवियत संघ ही कर पाए थे-वह भी मंगलयान के मुकाबले कई गुना ज्यादा बजट में। आंकड़े बताते हैं कि पृथ्वी से औसतन साढ़े 22 करोड़ से 32 करोड़ किलोमीटर (हालांकि यह गैप न्यूनतम पांच करोड़ 46 लाख किलोमीटर से लेकर अधिकतम 40 करोड़ 10 लाख किलोमीटर तक हो सकता है) दूर मंगल ग्रह तक अपना यान पहुंचाने में अमेरिकी स्पेस एजेंसी ने मंगलयान के मुकाबले 10 गुना ज्यादा खर्च किया था।

 

                                                   jagran

चांद पर भारी पड़ता मंगल

मंगल ग्रह हमारे सौरमंडल में जीवन को लेकर सबसे ज्यादा संभावनाशील ग्रह के रूप में ख्याति रखता आया है। कहने को तो हमारा अपना चंद्रमा ज्यादा करीब है, वहां पानी मिलने की सूचनाएं भी हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि चंद्रमा पर अगर इंसान रहना चाहे तो उसे हवा और पानी धरती से ही ढोकर ले जाना पड़ेगा। यही नहीं, सूरजा से वहां आने वाला विकिरण (रेडिएशन) इतना ज्यादा है कि वहां की जमीन के अंदर सुरंगों, गुफाओं या विशेष तरीके से बनाई गई कोठरियों में ही इंसान चार-छह दिन से ज्यादा टिक सकता है। इसके मुकाबले मंगल अपेक्षाकृत ज्यादा जीवनयोग्य ग्रह महसूस होता है। अपने प्रयोगों में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी-नासा के रोवर पर्सिवरेंस ने मंगल ग्रह की पतली हवा से आक्सीजन अलग कर दिखाया है। इसके अलावा मंगल पर कई जगह पानी मौजूद होने की उम्मीद है। हालांकि वह पीने लायक बन सके-इसे लेकर काफी मेहनत और प्रयोगों की जरूरत पड़ेगी। इन सब बातों को जांचने के लिए जरूरी है कि कोई यान मंगल की परिक्रमा करके ठोस आंकड़े जमा करे और कुछ यान इसकी जमीन पर उतर कर वातावरण का नजदीकी जायजा लें।

 

मंगलयान ने जो खोजा

जब मंगलयान को अंतरिक्ष में भेजा रहा था तो उसमें करीब 15 किलोग्राम वजनी ऐसे उपकरण और सेंसर लगाए गए थे, जिनका काम वहां की सतह पर मौजूद खनिजों का पता लगाना, मंगल के वातावरण में मीथेन गैस की मात्रा का आकलन करना और तस्वीरों के जरिये मंगल की विभिन्न जगहों की बनावट का सटीक ब्योरा प्रस्तुत करना था। इन सारी कसौटियों पर मंगलयान खरा उतरा। उसने अपने आठ साल के जीवन में कभी बहुत दूर से तो कभी बेहद नजदीक तक पहुंचकर तस्वीरें लीं। मंगलयान अपने वलयाकार परिक्रमा पथ के बल पर जो तस्वीरें ले सका, उनके आधार पर इसरो के विज्ञानियों ने मंगल का मैप तैयार किया। मंगलयान पर लगे मार्स कलर कैमरे से जो करीब 1,100 चित्र खींचे गए, उनकी सहायता से इसरो मंगल के अलग-अलग स्थानों का ब्योरा दर्ज करते हुए एक वृहद मार्स एटलस तैयार कर पाया। सबसे उल्लेखनीय तो मंगल के चंद्रमा डिमोस की तस्वीर लिया जाना है, जो मंगलयान से पहले किसी अन्य यान ने नहीं खींची थी।

                                                  jagran

मंगलयान के खाते में कई और उपलब्धियां भी दर्ज हुईं। जैसे-मंगल पर आए धूल के तूफान का अध्ययन करना और ग्रह की सतह से 270 किलोमीटर ऊपर आक्सीजन एवं कार्बन डाईआक्साइड की मात्रा के आकलन के अलावा मंगल के बाह्यमंडल में हाट आर्गन की खोज करना। दावा है कि मंगलयान ने जिस सटीकता से मंगल ग्रह का अध्ययन किया, उसके बल पर कई देशों ने सैटेलाइट इमेजरी से लेकर कई अन्य तरह की अंतरिक्ष सेवाओं के लिए इसरो के साथ कारोबारी अनुबंध किए हैं। हालांकि ये अनुबंध कैसे हैं और इनसे इसरो की कारोबारी शाखा-एंट्रिक्स कारपोरेशन को कितना आर्थिक लाभ हुआ है-इसके स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं हैं।

 

 

 

Post Views : 364

यह भी पढ़ें

Breaking News!!