image

यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास सरिया से लदे ट्रॉला से टकराई डबल डेकर बस, एक की मौत, दर्जनों घायल

डीके श्रीवास्तव

आगरा ।  खंदौली टोल प्लाजा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के हादसा हो गया। नोएडा की तरफ से आगरा की ओर आ रही डबल डेकर बस आगे चल रहे सरिया लदे ट्रॉला से टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक नोएडा से डबल डेकर बस यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए ग्वालियर जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। रविवार तड़के करीब चार बजे खंदौली टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे सरिया से लदे ट्रॉला से बस टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। सरिया बस में घुस गई। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 41 मौके पर पहुंची। टोलकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को बस के शीशा तोड़कर बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी और थाने से पुलिस फोर्स बुला लिया। यात्री बस में फंसे हुए थे, शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। बस में दो चालक थे। इनमें से एक चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे चालक को करीब दो घंटे बाद निकाला जा सका।

Post Views : 318

यह भी पढ़ें

Breaking News!!