image

Muzaffarnagar: बिहार की महिला से नोएडा में दुष्कर्म, आरोपी युवक समेत चार के खिलाफ मुकदमा

मुजफ्फरनगर के युवक ने बिहार की महिला के साथ नोएडा में दुष्कर्म किया। अब शादी से इनकार किया तो पीड़ित महिला ने आरोपी युवक समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

बिहार में काम करने गए युवक ने प्रेम जाल में फंसा कर बिहार निवासी महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म व उसके पिता और परिवार की दो अन्य महिलाओं के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।


मुजफ्फरनगर में चरथावल थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के गांव कसौली निवासी सतवीर ढाई साल पहले बिहार में काम के सिलसिले में गया था। उसका वहां बिहार के दरभंगा जिला निवासी एक महिला के साथ प्रेम-प्रसंग हो गया। लोकडॉउन के दौरान वह महिला को लेकर नोएडा रहने लगा था। बाद में वह अपने घर आ गया। पिछले काफी समय से वह वापस नहीं गया तो उसे तलाशते हुए महिला उसके गांव कसोली आ पहुंची और उसने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया।

वहीं युवक ने इनकार कर दिया। बताया गया कि युवक पहले से ही शादीशुदा है। इसी के चलते युवक की पत्नी भी अपने घर चली गई। पीड़ित महिला ने आरोपी युवक सतवीर के खिलाफ दुष्कर्म और उसके पिता व दो अन्य महिलाओं के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।महिला ने सतवीर पर चार लाख रुपये भी हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। मंगलवार को पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे।
 

Post Views : 308

यह भी पढ़ें

Breaking News!!