image

द्वादश ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजते हैं साक्षात शिव

डीके श्रीवास्तव

आगरा। ग्राम नगला डीम में चल रही श्री शिव महापुराण कथा का आज दसवां दिन था। द्वादश ज्योतिर्लिंग का महत्व बताते हुए सुप्रसिद्ध कथावाचक डॉ. दीपिका उपाध्याय ने कहा कि देशभर में स्थित इन ज्योतिर्लिंगों का नाम मात्र स्मरण करने से भगवान की कृपा प्राप्त होती हैं। देवता हो या मनुष्य , ऋषि मुनि हों या दैत्य-  भगवान शिव की आराधना के लिए पार्थिव लिंग की स्थापना करते हैं, भगवान का भाव से नाम जपते हैं तो भगवान शिव उन पर कृपा करते हैं।
 भगवान श्री राम ने लंका विजय से पहले रामेश्वरम लिंग की स्थापना की। भगवान शिव की पूजा से ही वे लंका पर विजय प्राप्त कर सके थे। दक्ष के द्वारा शापित चंद्रमा को सोमनाथ की आराधना द्वारा क्षय रोग से मुक्ति मिली। जब अवंती नगरी में असुरों के अत्याचार बढ़ गए तो ब्राह्मण देवप्रिय और उनके भाइयों द्वारा पूजित पार्थिव लिंग से महाकालेश्वर प्रकट हुए। उन्होंने दैत्यों का संहार कर अवंती वासियों को अभय दान दिया।
 बाद में इन्हीं महाकालेश्वर की पूजा के द्वारा ग्वालिन का अबोध पुत्र श्रीकर गोप हुआ जिसकी 8 वीं पीढ़ी में गोपराज नंद हुए जिनके घर में श्री हरि के पूर्ण अवतार भगवान श्री कृष्ण तथा शेष अवतार बलराम पले। मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग कुमार कार्तिकेय के रूठ जाने के कारण भगवान शिव और माता पार्वती की महिमा से स्थित हुआ। यहां मल्लिका रूप में माता पार्वती तथा अर्जुन रूप में भगवान शिव विराजते हैं।। इन बारह ज्योतिर्लिंगों का दर्शन अत्यंत कल्याणकारी है।
 आगे जगदंबिका की अवतार कथा सुनाते हुए कथा वाचक डॉ दीपिका उपाध्याय ने कहा कि जगदंबा सदैव अपने भक्तों के लिए करुणामयी हैं। जब भक्तों पर संकट आता है वह वात्सल्य माता कभी उमा कभी सरस्वती कभी  महाकाली तो कभी महालक्ष्मी रूप लेकर भक्तों की रक्षा करती हैं। शुंभ निशुंभ, चंड मुंड, मधु कैटभ, महिषासुर जैसे भयानक राक्षसों का देवी ने संहार किया। ऋषि मुनियों की तपस्या को देवी नेत्रों से शताक्षी रूप धरकर देखती हैं और जब अकाल पड़ता है तो वही देवी शाकंभरी रूप लेकर आती हैं और शाक के रूप में सृष्टि के प्राणों की रक्षा करती हैं। सुरथराज तथा समाधि वैश्य का प्रसंग बताता है कि भगवती भक्तों को प्रत्येक कष्ट से उबारती हैं अतः हमें भगवती की आराधना भाव पूर्वक करनी चाहिए। कथा के अवसर पर होती लाल, पीतम सिंह, अनिल मिश्रा, सर्वेश दीक्षित, वीरेन्द्र, राजेश, जितेन्द्र, टिंकू, मनोज आदि भी उपस्थित रहे।

Post Views : 428

यह भी पढ़ें

Breaking News!!