image

शुक्रवार को यूपी के मंत्री धर्मवीर प्रजापति के बेटे की बारात न पहुंचने का मामला

उत्तर प्रदेश समाचार

शुक्रवार को यूपी के मंत्री धर्मवीर प्रजापति के बेटे की बारात न पहुंचने के मामले में मंत्री ने अपना पक्ष रखते हुए रूंधे गले से शादी जरूर होने की घोषणा की और लोगों द्वारा बिना जानकारी अनर्गल अफवाहें फैलाने पर भगवान से उन्हे सद्बुद्धि देने की बात कही है। उनका कहना है की लड़की और लड़का पक्ष को कोई परेशानी नहीं है पर लोगों ने अफवाहें फैला दी हैं। इससे उनका मन आहत है, हमारे परिवार में किसी ने 24 घंटे से कुछ नहीं खाया है।

शुक्रवार को नहीं उठी थी बेटे की बारात

बता दें की यूपी सरकार में कारागार एवं होमगार्ड मंत्रालय के राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति के तीसरे नंबर के बेटे दिलीप की शादी खंदौली के मुड़ी जहांगीर निवासी जयराम प्रजापति की बेटी ज्योति से खंदौली के माया देवी वाटिका में होनी थी। मंत्री भी खंदौली के खेड़ा हाजीपुर के रहने वाले हैं और अब उन्होंने आगरा के सिकंदरा स्थित आवास विकास क्षेत्र में मकान बनवा लिया है।

मंत्री के बेटे की बारात के इंतजार में लड़का और लड़की पक्ष के लोग देर रात तक बैठे रहे। अधिकांश मेहमान खाना खा कर चले गए। बैंड बाजे वाले भी गा - बजा कर चले गए पर बारात नहीं आई।

 देर रात लड़की पक्ष के जानकारी करने पर उन्हें पता चला की बारात नहीं आ रही है, क्योंकि दूल्हे की तबियत खराब है और सिकंदरा के नेशनल अस्पताल में भर्ती है। लड़की के पिता ने रात भर प्रयास किए पर शादी नहीं हो पाई।

मेंहदी लगे हाथों के साथ पहुंची दुल्हन

शनिवार को दुल्हन ज्योति शादी के जोड़े में अस्पताल आई और दिन भर दूल्हे के पास बैठी रही। मंत्री के अनुसार उसकी तबियत भी न खराब हो जाए,इसलिए शाम को उसे घर भेज दिया गया है। लड़की के पिता अस्पताल पर ही मौजूद हैं।

देर रात मंत्री ने तोड़ी चुप्पी

मंत्री धर्मवीर और उनका परिवार शनिवार को चुप्पी साधे हुए था। उनका कहना था की हम बेटे की तबियत का ख्याल रख रहे हैं और बाद में बात करेंगे। मामला सुर्खियों में आने के बाद देर रात मंत्री धर्मवीर ने फेसबुक पर बीमार बेटे की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा की बेटे की कल से तबीयत बहुत खराब है। ऐसे में भी कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर अनर्गल बातें फैला रहे हैं। भगवान उन्हे सद्बुद्धि दे। हमारे परिवार में 24 घंटे से किसी ने कुछ नहीं खाया है। सभी तैयार होकर बारात ले जाने वाले थे, मैं बाहर था और उसी दौरान अचानक बेटे की तबियत बिगड़ गई और उसका ब्लड प्रेशर लो होने लगा, हमें उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।

देर रात कैमरे पर दिया बयान

देर रात मंत्री ने कैमरे पर बयान देते हुए कहा की बेटे को संदिग्ध बुखार है और अब उसकी हालत में सुधार है। लड़की पक्ष मेरे साथ है और उन्हें भी सब पता है। हमारे लिए अफवाह उड़ रही है की हम कार मांग रहे हैं, इस पर समधी जयराम ने कहा की उनसे कोई मांग नहीं की गई है और जो भी दे रहे हैं हम अपनी मर्जी से दे रहे हैं।

मंत्री ने कहा की शादी तो होनी ही है। मेरा लड़की पक्ष से संपर्क नहीं था ,इस कारण इन्हें सूचना नहीं दे पाया। लड़की का परिवार हमारे साथ है और हम दोनों पक्षों को कोई परेशानी नहीं है पर लोग अफवाह उड़ा रहे हैं, इससे वो आहत हैं। इस दौरान कई बार उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
 

Post Views : 336

यह भी पढ़ें

Breaking News!!