आगराउत्तर प्रदेशस्वास्थ

खुशहाल परिवार दिवस में लाभार्थियों ने चुने परिवार नियोजन के साधन

आगरा। परिवार नियोजन के प्रति समुदाय में जागरुकता लाने के लिए जनपद की सभी शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य इकाइयों पर सोमवार को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। हर माह की 21 तारीख को इसका आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर बास्केट ऑफ च्वॉइस के माध्यम से लक्षित दंपति को परिवार नियोजन के अस्थाई साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों को अपनाने के लिये प्रेरित किया गया। हर माह की 21 तारीख को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

सीएमओ ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर लक्षित दंपति को अस्थाई साधनों व परिवार नियोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर उनको परिवार नियोजन के फायदे भी बताए गए।

परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर ऐसी महिलाएं जिनका प्रसव विगत एक वर्ष में हुआ है और वह उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली (एचआरपी) की श्रेणी में रही हैं, नव विवाहित दम्पति जिनका विवाह विगत एक वर्ष में हुआ हो,योग्य दंपत्ति जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे हों, ऐसे लोगों को परिवार नियोजन के साधन अपनाने के बारे में जागरूक किया गया।

नोडल अधिकारी ने बताया कि परिवार नियोजन सिर्फ महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है। पुरुषों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम अधिक सफल होता है। जब गांव-समाज में पुरुष स्वयं आगे आते हैं, तो अन्य पुरुष भी प्रेरित होते हैं और “परिवार नियोजन केवल महिलाओं का काम है” जैसी सोच टूटती है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दहतोरा मोड़ की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीक्षा गौतम ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस में आने वाली महिलाओं की काउंसलिंग स्टाफ नर्स नेहा उपाध्याय और पुरुष लाभार्थियों की काउंसलिंग फार्मासिस्ट अंकित कुमार द्वारा की गई। कार्यक्रम में केंद्र पर छह लाभार्थियों ने आईयूसीडी, पांच लाभार्थियों ने अंतरा, सात लाभार्थियों ने छाया, 12 लाभार्थियों ने ओसीपी, छह लाभार्थियों ने ईसीपी और 50 लाभार्थियों ने निरोध को चुना।

दहतोरा मोड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर खुशहाल परिवार दिवस में आई 32 वर्षीय नीलम ने बताया कि उनकी शादी को 13 वर्ष हो गए हैं, उनके दो बच्चे हैं, छोटा बच्चा पांच साल का है। वह दो साल से अंतरा इंजेक्शन लगवा रही हैं, यह उनके लिए काफी कारगर साबित हो रहा है।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button