असम में नशे के कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। असम राइफल्स और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) सिलचर की संयुक्त टीम ने कछार जिले के बोरखोला इलाके में कार्रवाई करते हुए एक वाहन को रोका। इस वाहन से WY टैबलेट की बड़ी खेप बरामद की गई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये है।
यह वाहन मिजोरम से असम आ रहा था। वाहन चालक ने असम राइफल्स और डीआरआई की संयुक्त टीम की नजर से बचने की बहुत कोशिश की, लेकिन संयुक्त टीम ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद डंपर को टीम ने रोका।
डंपर के गुप्त कैबिनेट में छिपाई थी खेप
तलाशी के दौरान टीम ने यह भारी बरामदगी की। नशीली दवाओं को डंपर ट्रक की बॉडी के अंदर एक खास रूप से बनाए गए कैबिनेट में छिपाकर रखा गया था। तलाशी में करीब 20 किलो WY टैबलेट बरामद हुईं।
असम राइफल्स और डीआरआई की संयुक्त टीम ने इस मामले में एक व्यक्ति को पकड़ा है। डंपर ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। पकड़े गए व्यक्ति को डीआरआई सिलचर के हवाले कर दिया गया है।
किसने भेजी थी खेप, जांच जारी
मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, नशीली दवाओं की खेप किसने भेजी और यह किसे सप्लाई की जा रही थी, इन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। डीआरआई की टीम अब पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ करेगी।
