बागपत में दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद सात दिन बाद हत्या की वजह बन गया। आरोप है कि पड़ोसी ने मजदूरी करने जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया।
हत्या की यह वारदात बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कलां गांव की है। यहां रहने वाले कपिल का अपने पड़ोसी जोगिंदर से दिवाली की रात विवाद हुआ था। परिजनों के मुताबिक दोनों के मकान आमने सामने हैं। दिवाली पर पटाखे जलाने के दौरान जोगिंदर ने आरोप लगाया था कि पटाखा उसे लगा है।
समझौते के बाद भी बनी रही रंजिश
परिजनों के मुताबिक, दिवाली की रात विवाद के दौरान जोगिंदर ने तमंचे की बट से कपिल पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। बाद में गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। हालांकि, परिजनों का कहना है कि समझौते के बाद भी जोगिंदर के मन में रंजिश बनी हुई थी।
आजतक के अनुसार, दिवाली के विवाद के करीब सात दिन बाद कपिल मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान जोगिंदर ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि पहले कपिल के साथ मारपीट की गई और फिर उस पर चाकू से कई वार किए गए। हमले में उसकी मौत हो गई।
पत्नी के सामने हुआ हमला, परिजनों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी और उसके सामने ही युवक पर हमला किया गया। परिजनों का दावा है कि हत्या के बाद शव को तालाब में फेंकने के दौरान भी वह मौके पर खड़ी थी। मृतक के परिजन सुमन ने बताया कि समझौता हो गया था, लेकिन उसी रंजिश के चलते कपिल को घेर लिया और उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सीओ सदर बागपत डॉ. सुकन्या शर्मा के अनुसार, सरूरपुर कलां में एक युवक की हत्या की सूचना मिलने पर कोतवाली बागपत पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
तालाब में पैर देखकर हुआ हत्या का खुलासा
कपिल के घर नहीं लौटने पर परिवार को शुरुआत में घटना की जानकारी नहीं थी। हत्या का खुलासा बेहद चौंकाने वाले तरीके से हुआ। कपिल का भाई तालाब में कचरा डालने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में दिखाई दे रहे एक पैर पर पड़ी। उसे शक हुआ तो उसने आसपास के लोगों को बुलाया।
इसके बाद तालाब में तलाश की गई तो वहां एक युवक का शव मिला। बाहर निकालने पर उसकी पहचान कपिल के रूप में हुई। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सीओ सदर डॉ. सुकन्या शर्मा के मुताबिक, मौके पर ज्ञात हुआ कि मृतक कपिल की उसके पड़ोसी छोटू उर्फ जोगिंदर द्वारा चाकू से वार कर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों की शिकायत पर जोगिंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
