उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अतर्रा में एक नाबालिग लड़की ने महीनों तक अपने ही घरों की तिजोरियों से करीब 90 लाख रुपये के गहने चुराकर अपने प्रेमी को दे दिए। प्रेमी उन गहनों को बेचकर महंगी बाइक, मोबाइल और कपड़े खरीदता रहा। पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर 80 लाख रुपये से ज्यादा के गहने और दो बाइक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी 15 नवंबर को हुई थी, लेकिन बरामदगी के पूरे ब्योरे के साथ पुलिस का खुलासा सोमवार सुबह सामने आया। मामला अतर्रा थाना क्षेत्र का है।
लड़की ने घर की चाबियों से तिजोरियां खोलीं
पुलिस के अनुसार लड़की ने घर की चाबियों का इस्तेमाल कर महीनों तक धीरे धीरे दो घरों की तिजोरियों से गहने निकाले। ताले तोड़े नहीं गए थे, इसलिए घरवालों को लंबे समय तक चोरी का पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से चोरी का खुलासा हुआ।
प्रेमी की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के रसिन निवासी सत्येंद्र के रूप में हुई है। अतर्रा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
27 सोने और आठ चांदी के गहने बरामद
पुलिस ने 27 सोने के और आठ चांदी के गहने बरामद किए हैं। सोना 534 ग्राम और चांदी करीब 800 ग्राम है। बरामद गहनों की कुल कीमत 80 लाख रुपये से ज्यादा है। इसके अलावा एक बुलेट और एक पल्सर बाइक और नकदी भी बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने गिरफ्तारी और बरामदगी की पुष्टि की है। लड़की को संरक्षण में लिया गया है और कानूनी कार्रवाई चल रही है।
