बांग्लादेश की पहली पारी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन 400 रन पर सिमट गई। टीम ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 327 रन से की थी और आखिरी चार विकेट सिर्फ 73 रन जोड़कर गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका ने अब अपनी पहली पारी शुरू कर दी है।
डेन पैटरसन ने सुबह के सत्र में चारों विकेट लिए और 92 रन देकर चार विकेट के साथ पारी खत्म की। उन्होंने मेहदी हसन मिराज, लिटन दास, हसन महमूद और तस्किन अहमद को आउट किया। चारों बल्लेबाज कैच आउट हुए, जिनमें तीन कैच वियान मुल्डर ने लपके।
लिटन दास 120 रन बनाकर आउट हुए
लिटन दास ने अपने रात के 92 रन में 28 रन और जोड़े और 179 गेंदों पर 120 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा। यह उनका आठवां टेस्ट शतक है और दक्षिण अफ्रीका में पहला टेस्ट शतक है।
तस्किन अहमद ने 16 गेंदों पर 17 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। पैटरसन ने उन्हीं का विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी खत्म की।
रबाडा के पांच विकेट, हृदय के 137 रन
तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा इस पारी में दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 70 रन देकर पांच विकेट लिए। यह उनका 18वां टेस्ट पांच विकेट हॉल है।
तौहीद हृदय ने 137 रन बनाए थे और लिटन के साथ छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी की थी। तंजिद हसन ने 67 रन का योगदान दिया था। बांग्लादेश ने पहले दिन 22 रन पर तीन विकेट गंवाए थे, जिसके बाद हृदय और लिटन ने टीम को संकट से उबारा था।
