केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दो सब इंस्पेक्टरों को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक दवा कारोबारी को नारकोटिक्स के मामले में फंसाने से बचाने के बदले 25 लाख रुपये की मांग की थी। शनिवार को दिल्ली के आरके पुरम में तमिल संगम मार्ग पर CBI की टीम ने पीछा करके दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अफसरों की पहचान अजीत सिंह मीणा और सुमीत कुमार के रूप में हुई है। CBI ने रविवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश के सामने अर्जी देकर दोनों की दो दिन की पुलिस हिरासत मांगी है। CBI ने 14 नवंबर को शिकायत मिलने के बाद यह मामला दर्ज किया था।
जाल बिछाकर कैसे पकड़े गए दोनों अफसर
शिकायतकर्ता अमीन शुक्ला शाहजहांपुर जिले के पुवायां कस्बे में संजीवनी मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उन्होंने शिकायत में कहा था कि NCB की दिल्ली जोनल यूनिट में दर्ज NDPS मामले के जांच अधिकारी मीणा ने उन्हें उस मामले में न फंसाने के बदले पैसे की मांग की थी। CBI ने उसी दिन जांच में मांग की पुष्टि की। मीणा ने पहले 25 लाख रुपये मांगे और बाद में 12 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में लेने पर राजी हो गया।
शनिवार को CBI ने जाल बिछाया। मीणा के निर्देश पर कुमार मौके पर मौजूद था और उसने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली। इस रकम में दो लाख रुपये के असली नोट और 10 लाख रुपये के नकली नोट थे। इसके बाद कुमार को CBI कर्मियों पर शक हुआ और वह एक साथी के साथ भागने लगा। दोनों को पीछा करके पकड़ लिया गया।
रिश्वत की रकम अब तक नहीं मिली
CBI के मुताबिक स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कुमार के हाथ धुलवाए गए तो पानी गुलाबी हो गया, जिससे साबित हुआ कि उसने दागी नोटों को छुआ था। एजेंसी का आरोप है कि कुमार ने लेनदेन के बाद रिश्वत की रकम को मीणा के निर्देश पर फेंक दिया था और वह अब तक बरामद नहीं हुई है।
CBI ने अदालत से कहा है कि उसे दागी रकम का पता लगाना है, मीणा के वे मोबाइल फोन और सिम कार्ड खोजने हैं जो शिकायतकर्ता से बातचीत में इस्तेमाल हुए थे, और यह पता लगाना है कि इस मांग में और कौन से अधिकारी शामिल थे। यह भी जांचा जाएगा कि NDPS जांच में इसी तरह की मांग और लोगों से भी की गई थी या नहीं।
