चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम ने सोमवार को कहा कि आधुनिक युद्ध का अर्थशास्त्र तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि दस लाख डॉलर की मिसाइल से 2,500 या 3,000 डॉलर का ड्रोन रोकना घाटे का सौदा है। वह नई दिल्ली में एएनआई राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन 3.0 के सत्र 'भारत की सशस्त्र सेनाओं और भविष्य के युद्धों की तैयारी' को संबोधित कर रहे थे।
सीडीएस ने भविष्य के युद्ध को आकार देने वाले तीन बड़े बदलाव गिनाए। पहला, युद्ध का बदलता अर्थशास्त्र। दूसरा, तकनीकी श्रेष्ठता की होड़। तीसरा, युद्ध के मैदान का विस्तार।
सस्ते हथियार महंगी रक्षा प्रणाली पर क्यों भारी पड़ रहे हैं
सीडीएस ने कहा कि सस्ते और बड़े पैमाने पर बने हथियार अब महंगी रक्षा प्रणालियों को चकमा दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "युद्ध का अर्थशास्त्र तेजी से बदल रहा है। बड़े पैमाने पर बने सस्ते हथियार महंगी रक्षा प्रणालियों को चकमा दे सकते हैं। अगर आप 2,500 या 3,000 डॉलर के ड्रोन को रोकने के लिए दस लाख डॉलर की मिसाइल इस्तेमाल कर रहे हैं, तो युद्ध का अर्थशास्त्र आपके खिलाफ जाने लगेगा।"
उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका ने अपने पैट्रियट मिसाइलों का भंडार तेजी से खत्म कर दिया है और उन्हें फिर से भरने में सालों लग जाएंगे। इसलिए महंगे हथियारों के साथ-साथ सस्ते, बड़े पैमाने पर बनने वाले हथियारों और गोला-बारूद के घरेलू उत्पादन की क्षमता बनाना जरूरी है।
तकनीक की होड़ और फैलता युद्ध क्षेत्र
सीडीएस ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उपग्रह आधारित खुफिया जानकारी और हथियारों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की क्षमता ही भविष्य में सैन्य तैयारी तय करेगी। आंकड़ों और अहम खनिजों पर नियंत्रण भी उतना ही जरूरी होगा।
उन्होंने कहा कि अब युद्ध सिर्फ सीमा पर नहीं लड़ा जाएगा। पहले फ्रंट और रियर हुआ करते थे। अब फ्रंट और रियर नहीं रहे। पूरे देश का क्षेत्र ही युद्ध का मैदान बन गया है। उन्होंने कहा, "कोई भी सुरक्षित नहीं है।" उद्योग, ऊर्जा नेटवर्क और आम नागरिक भी हमलों की जद में आ सकते हैं।
