India Samachar 24
मंगलवार, 17 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

गुरुग्राम में झुग्गी बच्चों को शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण के लिए बरगलाने का आरोप, चार महिलाएं गिरफ्तार

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक गांव में प्राइवेट स्कूल की आड़ में झुग्गी बस्ती के बच्चों को कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप …

गुरुग्राम में झुग्गी बच्चों को शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण के लिए बरगलाने का आरोप, चार महिलाएं गिरफ्तार
मामले पर बोलते पुलिस अधिकारी और गिरफ्तार महिला।

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक गांव में प्राइवेट स्कूल की आड़ में झुग्गी बस्ती के बच्चों को कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां घाटा गांव में स्थित स्कूल में छापेमारी के बाद की गईं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को एक व्यक्ति ने सेक्टर 56 थाने में शिकायत दी थी कि महिलाओं समेत कुछ अज्ञात लोग घाटा गांव में एसपीआर मार्ग पर एक सर्विस स्टेशन के पास अस्थायी कमरों में झुग्गी बस्ती के बच्चों के लिए प्राइवेट स्कूल चला रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बच्चों को भोजन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने के साथ साथ आरोपी कथित तौर पर धार्मिक परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियां भी कर रहे थे तथा भोजन और अन्य सामान का लालच देकर उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे।

अरेस्ट महिलाएं कौन

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दिल्ली के आजादपुर निवासी सुमन कुमारी (21), मणिपुर के बिष्णुपुर जिले की मूल निवासी और वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर 86 में रहने वाली राजकुमारी चाओबा सिंह (36), नेपाल की मूल निवासी और दिल्ली के कोटला में रहने वाली अश्मिता चाहर (35) तथा मिजोरम के आइजोल की मूल निवासी एवं द्वारका में रहने वाली लालनुनपुई (31) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि लालनुनपुई एक प्राइवेट कंपनी में एचआर हैं, अश्मिता एक अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयंसेवक के तौर पर काम करती हैं, राजकुमारी एक प्राइवेट कंपनी में लीड एनालिस्ट हैं, जबकि सुमन ने पिछले साल स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और फिलहाल बीएड की तैयारी कर रही हैं।

एक साल से हर शनिवार आती थीं महिलाएं

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ये महिलाएं पिछले एक साल से हर शनिवार दिल्ली से गुरुग्राम आ रही थीं और बच्चों को शिक्षा, भोजन तथा अन्य जलपान उपलब्ध कराने के नाम पर प्राइवेट स्कूल चला रही थीं। आरोप है कि वे बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही थीं। पुलिस ने बताया कि मौके से एक सीसीटीवी कैमरा और सुमन कुमारी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने मौके पर छापा मारा और वहां मौजूद चार महिलाओं को कानूनी प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के प्रयास से जुड़ा एक दंडनीय अपराध सामने आया। इसके बाद उनके खिलाफ हरियाणा गैर कानूनी धर्मांतरण रोकथाम अधिनियम, 2022 और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →