पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत में तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को ले जा रही बस अचानक पलट गई। हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 लोग घायल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के साथ घटना की जांच शुरू कर दी है।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक यह हादसा शनिवार शाम इराक सीमा के पास इलाम प्रांत में हुआ। बस देहलोरान एनजीएल 3100 तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शाम करीब साढ़े सात बजे देहलोरान के पास दश्त अब्बास मुर्मुरी सड़क पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 27 यात्री और चालक सवार थे।
पहले नौ मौतें, अस्पताल में तीन और की मौत
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक शुरुआत में हादसे में नौ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, लेकिन रविवार तक मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। अब्दानन के गवर्नर बेहजाद नूरमोहम्मदी ने बताया कि तीन यात्रियों की मौत उन्हें अस्पताल ले जाए जाने के बाद हुई। मृतकों में ज्यादातर लोग अब्दानन के रहने वाले थे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक अब्दानन के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने बताया कि दुर्घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बस हादसे के लिए कौन से कारक जिम्मेदार थे और क्या किसी व्यक्ति या संस्था की ओर से लापरवाही की गई है।
ईरान का सड़क सुरक्षा रिकॉर्ड खराब है। ईरानी कानूनी चिकित्सा संगठन के मुताबिक मार्च तक के 12 महीनों में यातायात हादसों में करीब 20,000 लोगों की जान गई थी।
