उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय महामंथन सोमवार से मथुरा में शुरू हो गया है। परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र, दीनदयाल धाम में होने वाली इस चिंतन बैठक में प्रदेश से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक के करीब 35 से 45 वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार 17 नवंबर को इस चिंतन शिविर में शामिल होंगे और वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी सोमवार दोपहर राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ से मथुरा पहुंचे।
कौन कौन शामिल हो रहा है बैठक में
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, चारों सह प्रभारी और चुनाव प्रबंधन से जुड़े मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और जेपीएस राठौर भी शामिल हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस चिंतन शिविर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, शक्ति केंद्रों को सक्रिय करने और सामाजिक समीकरणों को साधने पर मंथन होगा। विपक्ष के PDA समीकरण की काट तलाशने और अपने नरैटिव को जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा होगी।
परखम के गो ग्राम में चल रहे इस चिंतन शिविर को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मथुरा की धरती से भाजपा ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने के साथ मिशन 2027 का औपचारिक शंखनाद भी कर सकती है।
209 प्रत्याशियों की सूची पर क्या कहा
बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने साफ किया है कि 209 प्रत्याशियों की कोई सूची अभी तैयार नहीं हुई है। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे ऐसी निराधार खबरों पर ध्यान न दें और सिर्फ पार्टी के आधिकारिक संदेशों पर भरोसा करें।
