मेक्सिको के सबसे कुख्यात ड्रग तस्करों में से एक मिगुएल एंजेल फेलिक्स गैलार्डो का निधन हो गया है। वह 80 साल के थे। स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक उन्हें दो दिन पहले जेल से ग्वाडलाजारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार दोपहर करीब दो बजे कई अंगों के काम करना बंद करने से उनकी मौत हो गई।
गैलार्डो 1989 से जेल में था। वह पश्चिमी मेक्सिको के जालिस्को राज्य की पुएंते ग्रांडे अधिकतम सुरक्षा जेल में बंद था। उसके वकील खराब होती सेहत के आधार पर बार-बार घर में नजरबंदी की मांग कर रहे थे।
कौन था फेलिक्स गैलार्डो
गैलार्डो का जन्म 8 जनवरी 1946 को सिनालोआ राज्य के कुलियाकान में हुआ था। उसने पहले पुलिसकर्मी और एक स्थानीय गवर्नर के अंगरक्षक के रूप में काम किया। बाद में वह ग्वाडलाजारा कार्टेल का संस्थापक बना। उसने राफेल कारो क्विंटेरो और एर्नेस्टो फोंसेका कैरिलो के साथ मिलकर इस कार्टेल को खड़ा किया। यह कार्टेल बड़े पैमाने पर कोकीन को अमेरिका तक पहुंचाने वाला पहला मैक्सिकन कार्टेल था। उसने कोलंबिया के ड्रग सरगना पाब्लो एस्कोबार के मेडेलिन कार्टेल से भी गठजोड़ किया था।
उसे बॉस ऑफ बॉसेस और गॉडफादर के नाम से जाना जाता था। उसके कार्टेल ने आधुनिक मैक्सिकन ड्रग तस्करी की नींव रखी थी।
कैमरेना हत्याकांड से जुड़ा था नाम
गैलार्डो को 1985 में अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन एजेंसी के एजेंट एनरिक किकी कैमरेना और मैक्सिकन पायलट अल्फ्रेडो जावाला की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। इस हत्या से अमेरिका और मेक्सिको के बीच राजनयिक संकट खड़ा हो गया था। उसे 1989 में गिरफ्तार किया गया और ड्रग तस्करी तथा हथियारों के मामले में 40 साल की सजा सुनाई गई। 2017 में एक संघीय अदालत ने कैमरेना हत्याकांड में उसे 37 साल की और सजा सुनाई। वह अपनी बेगुनाही पर कायम रहा।
अपने आखिरी सालों में उसकी सेहत काफी खराब हो गई थी। 2021 में जेल से दिए गए एक इंटरव्यू के समय वह एक आंख से अंधा था, लगभग बहरा था और बिना सहारे के चल नहीं पाता था। उसके जीवन पर 2018 में नेटफ्लिक्स की हिट सीरीज नार्कोस मेक्सिको बनी थी, जिसमें अभिनेता डिएगो लूना ने उसका किरदार निभाया था।
