नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार तड़के 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को एनकाउंटर में मार गिराया। नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान (38) कोई मामूली बदमाश नहीं था। उसके तार अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से जुड़े रहे हैं और उस पर पांच हत्याओं समेत 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे।
दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार शाम गोलियां बरसाकर सनसनीखेज हत्या करने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दुर्रानी करीब दो साल पहले भगोड़ा घोषित किया गया था। इसके बावजूद यमुनापार में स्पेशल सेल की एक और क्राइम ब्रांच की तीन यूनिट्स के अलावा जिले के स्पेशल स्टाफ समेत अन्य स्पेशलाइज्ड यूनिट्स की नाक के नीचे वह छह महीने के अंदर ही दो कत्ल कर गया।
छोटा शकील से जुड़ाव और सुपारी का खेल
दिल्ली पुलिस के मुताबिक मूलरूप से यूपी के बुलंदशहर जिले का रहने वाला नसीम दुर्रानी 2010 में कत्ल के मामले में जेल गया था। दिल्ली और यूपी में पांच मर्डर के अलावा लूट, डकैती, एक्सटॉर्शन और चोरी के 25 से ज्यादा केस उस पर दर्ज हैं। वह 50 हजार रुपये का इनामी भी रह चुका है।
- एक बदमाश जुनैद चौधरी के जरिए 2016-17 में वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में आया था। - छोटा शकील ने उसे तिहाड़ में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की हत्या का काम सौंपा था। - पाकिस्तान मूल के बलूच नेता तारिक फतेह, आंध्र प्रदेश फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक शख्स और एक बड़े कारोबारी की हत्या के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की सुपारी भी तय हुई थी। - हथियारों के लिए पैसे जुटाने के लिए दुर्रानी ताबड़तोड़ लूट की वारदातें करने लगा था।
राजा मेवाती से गैंगवॉर और दो हत्याएं
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और गाजियाबाद के लोनी में वर्चस्व के लिए मुस्तफाबाद निवासी घोषित बदमाश नसीम दुर्रानी और राजा मेवाती उर्फ अक्की डॉन के बीच एक साल से ज्यादा समय से गैंगवॉर चल रही है। सट्टे और ड्रग्स का कारोबार करने वालों के अलावा ऑटो वालों से वसूली को लेकर दोनों गैंग में टकराव था।
पिछले साल गाजियाबाद के लोनी में नसीम गैंग ने राजा के भांजे हारून पहलवान पर गोलियां बरसाईं, जिसमें वह बच गया। पलटवार में राजा मेवाती ने नॉर्थ दिल्ली के वजीराबाद इलाके में नसीम के एक गुर्गे पर कातिलाना हमला किया।
दुर्रानी ने 26 मई को खजूरी में राजा मेवाती की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मेवाती के भांजे हारून पहलवान ने गिरोह की कमान संभालते हुए 15 जून को दयालपुर के नेहरू विहार में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर दुर्रानी के कथित फाइनेंसर राशिद पानीवाला को मार दिया। हारून अब जेल में है।
सोमवार शाम खजूरी में समीर की हत्या
छह महीने पहले हुई हत्या के एक मामले में वॉन्टेड नसीम दुर्रानी ने सोमवार शाम दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के करीब ताबड़तोड़ फायरिंग कर समीर उर्फ भूरा की हत्या कर दी। राशिद मर्डर में बंद हारून के केस की समीर पैरवी कर रहा था। उसके साथ आए बाइक सवार दूसरे बदमाश की पहचान भी हो गई है।
फरारी काट रहे नसीम ने कोर्ट में चल रहे केसों में पेश होना छोड़ दिया था। कोर्ट में अर्जी लगाकर उसने गैंगवॉर में जान का खतरा बताते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अर्जी भी लगाई थी। कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी थी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
एक रिटायर्ड एसीपी (क्राइम ब्रांच) ने कहा कि पुलिस का इकबाल खत्म हो रहा है और बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि दो साल से भगोड़े बदमाश का छह महीने बाद उसी इलाके में दूसरी हत्या कर जाना पुलिस की नाकाबिलियत बताता है।
शुक्रवार तड़के हुए एनकाउंटर के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। दुर्रानी के मारे जाने से यमुनापार में चल रही गैंगवॉर पर कुछ हद तक लगाम लगने की उम्मीद है। पुलिस अब उसके बचे हुए साथियों और फाइनेंसरों की तलाश में जुटी है।
