प्राइम वीडियो की पॉपुलर सीरीज पंचायत के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों को निराशा हाथ लगी है। प्राइम वीडियो ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए साफ कर दिया है कि पंचायत सीजन 5 इस साल रिलीज नहीं होगा। मेकर्स ने बनराकस के किरदार में दुर्गेश कुमार की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि बताते हुए खेद है, पंचायत का अगला सीजन कैद है।
तस्वीर पर साफ लिखा था कि पंचायत सीजन 5 इस साल नहीं आएगा। लंबे समय से कहा जा रहा था कि पंचायत सीजन 5 साल 2026 के अंत तक आएगा, लेकिन अब दर्शकों को और इंतजार करना पड़ेगा। प्राइम वीडियो ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि पंचायत 5 किस तारीख या साल में रिलीज होगा।
बनराकस के पोस्टर से हुआ ऐलान, पहले अक्टूबर नवंबर की थी उम्मीद
यह घोषणा निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा के एक पुराने अपडेट के बाद आई है। उन्होंने बताया था कि पांचवें सीजन की एडिटिंग चल रही है और यह अक्टूबर या नवंबर के आसपास आ सकता है। अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि इस साल फुलेरा गांव की नई कहानी नहीं देखी जा सकेगी।
मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया है कि पांचवां सीजन इस सीरीज का आखिरी भाग नहीं होगा। सीरीज 3 अप्रैल 2020 को रिलीज हुई थी, और इसे द वायरल फीवर ने बनाया है। इसे चंदन कुमार ने लिखा है और दीपक कुमार मिश्रा ने निर्देशित किया है।
सीजन 5 में क्या दिखेगा, फुलेरा की नई सियासत
सीजन 4 में फुलेरा की सत्ता में बदलाव आया था। प्रधान जी और मंजू देवी को अपना पद छोड़ना पड़ा था, जबकि क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गई थीं। उनके पति भूषण शर्मा उर्फ बनराकस की भूमिका भी अब कहानी में महत्वपूर्ण हो गई है।
सीजन 5 की कहानी चुनाव के नतीजों के बाद आगे बढ़ेगी, जिसमें पंचायत सचिव अभिषेक त्रिपाठी को नए नेतृत्व के तहत मुश्किल हालात का सामना करना पड़ेगा। प्रह्लाद पांडेय के किरदार के विधायक का चुनाव लड़ने की तैयारी की भी चर्चा है। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सानविका, फैसल मलिक, चंदन रॉय और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
