मुंबई। जिस फिल्म से अली अब्बास जफर, पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी जैसे बड़े नाम जुड़े हों, उससे उम्मीद भी थोड़ी ज्यादा हो जाती है। लेकिन सोनी लिव पर रिलीज उनकी ताजातरीन पेशकश पारिवारिक मनुरंजन एक साधारण सी टाइमपास फिल्म साबित होती है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की नई-नवेली जोड़ी आकर्षण का केंद्र जरूर बनती है, लेकिन ज्यादातर किस्सों और किरदारों में दोहराव के चलते नयापन महसूस नहीं होता।
फिल्म की कहानी लखनऊ बिजली विभाग में कार्यरत रंजन दुबे की है, जिनका किरदार पंकज त्रिपाठी ने निभाया है। रंजन बाबू अपने मोहल्ले के सबसे योग्य कुंवारे हैं। सभ्य-शरीफ और बड़ी सी कोठी वाले रंजन बाबू अपनी बहनों को ब्याहते-ब्याहते खुद कुंवारे रह गए। देखते ही देखते 40 का पड़ाव भी पार हो गया।
हाउसकीपर के विज्ञापन से आया ट्विस्ट
उनके ऑफिस के सहयोगी और पड़ोसी राजाराम की तमाम कोशिशों के बावजूद रंजन बाबू का घर नहीं बस सका। राजाराम का किरदार बृजेंद्र काला ने निभाया है। ऐसे में रंजन बाबू ने घर और खुद को संभालने के लिए एक सर्वगुण संपन्न हाउसकीपर का विज्ञापन दे दिया, और यहीं से कहानी में ट्विस्ट आया।
विज्ञापन देने के ठीक बाद, रातोंरात उन्हें हेलेन उर्फ मनु जोशी के रूप में ऐसी हसीन, जवान और गुणी हाउसकीपर मिल गई कि सारा मोहल्ला जलकर खाक हो गया। मनु का किरदार अदिति राव हैदरी ने निभाया है। अकेले कुंवारे मर्द के घर में अकेली कुंवारी लड़की के होने से चौतरफा फुसफुसाहट और सुगबुगाहट शुरू हो गई। वहीं, खुद रंजन बाबू के दिल में भी प्यार की फुलझड़ियां छूटने लगीं। मनु और रंजन की इस अलग जोड़ी की प्रेम कहानी क्या गुल खिलाती है, यही फिल्म का सार है।
निर्देशन में दिखा दोहराव
इस फिल्म की कमान वरुण वी शर्मा ने संभाली है, जो सुल्तान, भारत और टाइगर जिंदा है जैसी सुपरहिट फिल्मों के लेखक रहे हैं। उन्होंने फिल्म के निर्देशन के साथ अली अब्बास जफर और बृजेंद्र काला के साथ मिलकर इसे लिखा भी है। फिल्म के मूल आइडिया में एक नयापन भी है, पर उसे पर्दे पर उतारने के लिए वरुण ने छोटे शहर के मिडिल क्लास परिवार की रोमांटिक-कॉमेडी के देखे-दिखाए और आजमाए हुए नुस्खों को ही दोहराया है।
पड़ोसियों का जरूरत से ज्यादा दखल देना, कानाफूसी और गॉसिप करना, लड़की देखकर लार टपकाना, ये सब पहले भी कई फिल्मों में देखा जा चुका है। फिल्म एकाध जगह विचारोत्तेजक मुद्दे छूती है, जैसे एक सीन में हेलेन के इर्द-गिर्द मंडरा रहे अपने सहयोगियों को देखकर रंजन कहते हैं कि एक कामकाजी लड़की की जिंदगी कितनी मुश्किल है।
कमजोर कड़ियां
फिल्म मानव तस्करी के संवेदनशील मुद्दे को भी छूती है, मगर उसे प्रभावी नहीं बना पाती। किरदारों को विश्वसनीय बनाने की कोशिश भी कम दिखती है। जैसे, हेलेन उर्फ मनु के साथ इतनी बड़ी ट्रैजिडी होने के बावजूद उसके माता-पिता का अता-पता नहीं चलता। एक तरफ वह कहती है कि इतने बड़े कांड के बाद वह घर नहीं जा सकती, दूसरी तरफ बताती है कि वह पैसे कमाकर पिता को भेजती है।
बाकी सहयोगी कलाकार भी अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आते हैं। गुल्लक वाली बिट्टू की मम्मी को दोहराती रील रोगी पड़ोसी बनी सुनीता राजवर हों या जरूरत से ज्यादा रिएक्ट करते पनवाड़ी बने सतेंद्र सोनी। बृजेंद्र काला भी खुद को दोहराते हुए दिखते हैं।
जोड़ी है फिल्म की जान
फिल्म का इकलौता मजबूत पक्ष पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की जोड़ी है। उनकी केमिस्ट्री में एक ताजगी है। पंकज त्रिपाठी स्क्रीन को खुशनुमा बनाने का माद्दा रखते हैं, वहीं अदिति राव हैदरी अपने भोलेपन और मुस्कान से दिल जीत लेती हैं। बाकी, गीत-संगीत, प्रोडक्शन, एडिटिंग आदि भी साधारण हैं।
कुल मिलाकर, बस अदिति और पंकज त्रिपाठी की जोड़ी के लिए इस टाइमपास फिल्म को एक मौका दिया जा सकता है। हल्के-फुल्के टाइमपास मनोरंजन के लिए यह फिल्म सोनी लिव पर देखी जा सकती है। समीक्षा में फिल्म को ढाई स्टार दिए गए हैं।
