हाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 21 नवंबर 2026 को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वैशाली जिले में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे वैशाली जिले में स्थित नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे मुख्य कार्यक्रम में परियोजनाओं की सौगात देने के बाद वे राजापाकर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
नीतीश सेतु: उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा पुल
प्रधानमंत्री लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर बने छह लेन के एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड पुल नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले में NH-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में NH-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ती है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं।
यह पुल महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात के दबाव को कम करेगा। उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय घटेगा। इससे राघोपुर दियारा के निवासियों को पटना, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी। साथ ही कृषि उपज और औद्योगिक सामानों की आवाजाही सुगम होने से क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
15,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई प्रमुख बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
- प्रमुख सड़क परियोजनाएं: NH-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड को छह लेन का बनाना, NH-227F का चोरमा-बैरगनिया खंड और NH-327 का उमगांव-सहरसा खंड शामिल हैं। - ऊर्जा क्षेत्र की सौगात: 1,320 मेगावाट की बक्सर थर्मल पावर परियोजना की यूनिट-2 (660 मेगावाट) और बिजली वितरण और ट्रांसमिशन परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक के RDSS लॉस रिडक्शन कार्य शामिल हैं। - जल संसाधन और अन्य सुविधाएं: नहरों और तटबंधों के जीर्णोद्धार, नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, कहलगांव में सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ शिक्षण संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से जुड़े भवनों का भी उद्घाटन किया जाएगा।
14,450 करोड़ की नई परियोजनाओं की आधारशिला
इस अवसर पर प्रधानमंत्री लगभग 14,450 करोड़ रुपये की लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन का बनाना और लगभग 3,350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की पावर इवेक्युएशन परियोजना प्रमुख हैं।
इसके अलावा बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा सहित अन्य शहरी क्षेत्रों में सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। शिलान्यास की जाने वाली अन्य परियोजनाओं में नहर प्रणालियों के आधुनिकीकरण के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालयों, आईआईटी पटना रिसर्च पार्क और छात्रावास के निर्माण की नींव रखी जाएगी। राज्य में इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के विकास के अलावा कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स और पुलिस डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर का भी शिलान्यास किया जाएगा।
100 ई-बसों को हरी झंडी, 26,900 परिवारों का गृह प्रवेश
राज्य में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री 100 पीएम-ईबसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी आयोजित किया जाएगा। सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाना है।
