राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव का अंतिम चरण सोमवार को पूरा होने जा रहा है। प्रदेश के 25 जिलों की 116 पंचायत समिति क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली 3,747 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस चरण में 3,747 सरपंच और 33,885 वार्ड पंच चुने जाएंगे। मतदान समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।
इस मतदान के साथ ही प्रदेश की सभी 14,403 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद मंगलवार, 17 नवंबर को संबंधित ग्राम पंचायतों में उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। अंतिम चरण के लिए मतदान केंद्रों पर तैनात 11,905 मतदान दल भी इसी दिन लौटेंगे।
ईवीएम नहीं, बैलेट पेपर से चुने जा रहे हैं गांव के मुखिया
पंच और सरपंच पद के इस चुनाव में ईवीएम की जगह पारंपरिक बैलेट पेपर का इस्तेमाल हो रहा है। खास बात यह है कि इन मतपत्रों पर उम्मीदवारों के नाम हाथ से लिखे गए हैं, जिन पर मुहर लगाकर मतदाता अपनी पसंद चुन रहे हैं। प्रदेश के कुल 11,905 पोलिंग बूथों पर 1.05 करोड़ से अधिक वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुबह सात बजे से ही कई ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों पर पुरुषों के साथ साथ महिला मतदाता भी मंगल गीत गाते और टोलियों में वोट डालने पहुंच रही हैं। स्थानीय मुद्दों पर हो रही वोटिंग में सड़क, पानी और साफ सफाई सबसे बड़े मुद्दे हैं।
15 नवंबर की डेडलाइन छूटी, चार चरणों में हुआ चुनाव
पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रम पेश करते हुए 15 नवंबर तक निकाय और पंचायत चुनाव पूरे कराने का भरोसा दिया था। हालांकि राज्य सरकार की ओर से पंचायतों के पुनर्गठन और चुनाव के लिए आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया में देरी के चलते पूरा चुनाव कार्यक्रम प्रभावित हुआ। नतीजतन सरपंच और वार्ड पंच के अंतिम चरण का मतदान 15 नवंबर के बजाय 16 नवंबर को हो रहा है।
प्रदेश में कुल 14,403 ग्राम पंचायतों में पंच सरपंच के चुनाव चार चरणों में कराए गए। पहले चरण में 3,314, दूसरे में 3,626 और तीसरे चरण में 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। अब अंतिम चरण में 3,747 ग्राम पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। सबसे अधिक ग्राम पंचायतों में मतदान अंतिम चरण में हो रहा है।
चुनाव के बाद भी जारी रहेगी प्रक्रिया
सरपंच और वार्ड पंच के परिणाम सोमवार को ही सामने आ जाएंगे। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर होगी। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इस तरह नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।
चौथे चरण में बांसवाड़ा, बारां, बालोतरा, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, डीग, चित्तौड़गढ़, चूरू, डीडवाना कुचामन, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल तिजारा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और सलूंबर की पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।
