नितेश तिवारी की एपिक फिल्म रामायण पार्ट 1 बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच रही है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस फिल्म ने सिनेमाघरों में तूफान मचा दिया है और ये रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। इतने कम समय में फिल्म ने दुनिया भर में सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में टॉप पांच में जगह बना ली है।
ब्लॉकबस्टर ऐतिहासिक एपिक रामायण 5 नवंबर को रिलीज हुई और अब ये अपने दूसरे वीक में है। करीब चार हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई इस फिल्म को दो हिस्सों में तैयार किया गया है। अकेले पहले पार्ट का अनुमानित बजट दो हजार करोड़ रुपये माना जा रहा था। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में 1,500 से 1,800 करोड़ रुपये खर्च की बात कही गई है।
रामायण ने 11 दिनों में देश भर में की कितनी कमाई
रणबीर कपूर यश स्टारर इस फिल्म ने दूसरे रविवार को भी धुआं उड़ा दिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने संडे को 23,573 शोज के दम पर 75 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म ने देश भर में 909 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं इस फिल्म ने 760.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
इससे पहले शनिवार को फिल्म ने 72.90 करोड़ रुपये कमाए थे। यानी रविवार को फिल्म की कमाई में और बढ़ोतरी देखने को मिली। फिल्म ने दूसरे रविवार की कमाई में धुरंधर 2 को पीछे छोड़ दिया है। धुरंधर 2 ने अपने दूसरे रविवार को 68 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। हालांकि दूसरे रविवार की सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अभी भी 76.60 करोड़ रुपये के साथ कायम है, जो अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 ने साल 2024 में बनाया था।
रामायण ने वर्ल्डवाइड की है कितनी कमाई
वहीं विदेशों में भी फिल्म ने खूब झंडे गाड़े हैं। इस फिल्म ने रविवार को भारत से बाहर 40 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म ने विदेशों में अब तक करीब 475.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं अब नितेश तिवारी की इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1,384.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसी के साथ फिल्म अब 1,500 करोड़ रुपये के आंकड़े की तरफ बढ़ रही है।
रामायण ने इसके साथ साथ धुरंधर के पहले पार्ट और एस एस राजामौली की आरआरआर के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख खान की फिल्म जवान के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। जवान ने भारत में कुल 643.87 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं राजकुमार राव की स्त्री 2 का लाइफटाइम कलेक्शन 625.27 करोड़ रुपये रहा था।
दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट
दंगल (2016) 2,070.30 करोड़ रुपये के साथ अब भी पहले स्थान पर है। इसके बाद धुरंधर 2 (2026) 1,813.39 करोड़ रुपये, बाहुबली 2 (2017) 1,788.06 करोड़ रुपये और पुष्पा 2 (2024) 1,742.10 करोड़ रुपये के साथ हैं। रामायण (2026) 11वें दिन 1,384.50 करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में हैं। सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता रानी कैकयी और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका में दिखे हैं। फिल्म में वीएफएक्स का काम वर्ल्ड फेमस स्टूडियो डीएनईजी और रीडिफाइन ने मिलकर किया है।
