क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर आज अपने करियर के 26 सबसे कीमती बल्ले मुंबई क्रिकेट संघ यानी एमसीए को देंगे। ये बल्ले वानखेड़े स्टेडियम स्थित एमसीए शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय में स्थायी रूप से रखे जाएंगे। बैटोग्राफी नाम की विशेष प्रदर्शनी का अनावरण आज 16 नवंबर को एक खास कार्यक्रम में होगा।
इन बल्लों में वे बल्ले भी शामिल हैं, जिनसे सचिन ने अपने 100 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए थे। यह रिकॉर्ड आज तक कोई और बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है। बल्लों के साथ हेलमेट, जर्सी और करियर के अहम मौकों से जुड़े हस्तलिखित नोट भी प्रदर्शनी में रखे जाएंगे।
13 साल पहले आज ही के दिन लिया था संन्यास
प्रदर्शनी के लिए 16 नवंबर की तारीख जानबूझकर चुनी गई है। आज से ठीक 13 साल पहले 16 नवंबर 2013 को सचिन ने वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 200वां और आखिरी टेस्ट खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि यह दान क्रिकेट प्रेमियों की पीढ़ियों के लिए फायदेमंद होगा। प्रदर्शनी के जरिए दर्शक उन बल्लों के पीछे की कहानियों से जुड़ सकेंगे, जिनसे सचिन के करियर के सबसे यादगार पल बने।
