India Samachar 24
शनिवार, 21 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

'दबंग 4' तो पक्का आएगी, सलमान खान ने दी हरी झंडी, 'बजरंगी भाईजान 2' से किया इनकार

बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस में नजर आने वाले हैं। इस बीच उन्होंने अपनी हिट फ्रेंचाइजी दबंग के चौथे भाग को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। शुक्र…

'दबंग 4' तो पक्का आएगी, सलमान खान ने दी हरी झंडी, 'बजरंगी भाईजान 2' से किया इनकार
सलमान खान ने एबीपी समिट में दबंग 4 को लेकर बड़ा ऐलान किया और बजरंगी भाईजान 2 पर अपनी राय साफ कर दी।

बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस में नजर आने वाले हैं। इस बीच उन्होंने अपनी हिट फ्रेंचाइजी दबंग के चौथे भाग को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। शुक्रवार को एबीपी समिट में पहुंचे सलमान ने साफ कर दिया कि दबंग 4 जरूर बनेगी। हालांकि बजरंगी भाईजान 2 का इंतजार कर रहे फैंस को निराशा हो सकती है, क्योंकि सलमान इस फिल्म का सीक्वल बनाने के पक्ष में नहीं हैं।

समिट के दौरान सलमान ने अपनी फिल्मों और उनके सीक्वल को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म मातृभूमि से जुड़ी उम्मीदों पर भी जवाब दिया और बताया कि दबंग 4 कब आगे बढ़ सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि बजरंगी भाईजान की कहानी को दोबारा पर्दे पर लाना उन्हें क्यों सही नहीं लगता।

मातृभूमि से सलमान को है उम्मीद

सलमान खान से उनकी फिल्म मातृभूमि से जुड़ी उम्मीदों के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में कहा, हमने यह फिल्म इस इरादे से नहीं बनाई थी कि यह रिलीज हो और बुरी तरह फ्लॉप हो जाए। उन्होंने आगे कहा, मुझे ऐसा नहीं लगता। हमारा इरादा तो यही था कि फिल्म रिलीज हो, लोग इसे सिनेमाघरों में जाकर देखें और उन्हें यह पसंद आए।

सलमान ने अपनी साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म बजरंगी भाईजान का जिक्र करते हुए मातृभूमि की कहानी के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, जैसे आपने बजरंगी भाईजान देखी थी, यह भी कुछ वैसी ही फिल्म है। यह बॉर्डर पर हुई एक घटना और उसका हम पर व हमारे परिवारों पर पड़े असर पर आधारित है।

सलमान ने की दबंग 4 की पुष्टि

बातचीत के दौरान सलमान से पूछा गया कि क्या दर्शक बजरंगी भाईजान, किक और टाइगर जैसी फिल्मों के अगले भाग देख पाएंगे। इस पर उन्होंने दबंग फ्रेंचाइजी को लेकर अपनी बात साफ कर दी। सलमान ने कहा, दबंग तो पक्का आएगी, क्योंकि दबंग हमारे हाथ में है। बाकी फिल्में निर्माताओं के हाथ में हैं।

सलमान के इस बयान के बाद फैंस में दबंग 4 को लेकर उत्साह बढ़ गया है। चुलबुल पांडे का किरदार सलमान के करियर के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक है और दर्शक लंबे समय से इसके चौथे भाग का इंतजार कर रहे हैं।

क्यों नहीं बनाना चाहते बजरंगी भाईजान 2

सलमान खान ने बताया कि वह बजरंगी भाईजान का दूसरा भाग बनाने के पक्ष में क्यों नहीं हैं। उनके मुताबिक पहली फिल्म की भावनात्मक कहानी को दोबारा उसी तरह पर्दे पर लाना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि बजरंगी पर आधारित कोई और फिल्म बनाना भावनात्मक रूप से संभव है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि दूसरी फिल्म की तुलना पहली फिल्म से की जाए और लोग कहें कि इसमें उतना मजा नहीं आया। इसलिए मुझे नहीं लगता कि बजरंगी भाईजान का कोई और भाग कभी बनेगा।

2015 में रिलीज हुई थी बजरंगी भाईजान

कबीर खान के निर्देशन में बनी बजरंगी भाईजान साल 2015 में रिलीज हुई थी। फिल्म में सलमान खान के साथ करीना कपूर खान, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और हर्षाली मल्होत्रा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की कहानी एक भारतीय शख्स और पाकिस्तान की एक छोटी बच्ची के इर्द गिर्द घूमती है। सलमान का किरदार उस बच्ची को उसके परिवार से मिलाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करता है। फिल्म की भावुक कहानी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और यह सलमान के करियर की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई।

दबंग फ्रेंचाइजी में आ चुकी हैं तीन फिल्में

सलमान खान की फिल्म दबंग साल 2010 में रिलीज हुई थी। इसी फिल्म से दर्शकों को चुलबुल पांडे का मशहूर किरदार देखने को मिला था। इसके बाद साल 2012 में दबंग 2 और 2019 में दबंग 3 रिलीज हुई। अब फैंस को इसके चौथे भाग का इंतजार है। सलमान पहले भी बता चुके हैं कि वह इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →