मुंबई। मशहूर फैशन डिजाइनर अबू जानी और संदीप खोसला ने 12 नवंबर को मुंबई में आर्ट मुंबई 2026 के तहत खास फैशन शो डिस्को इन्फर्नो का आयोजन किया। इस शो में बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी वाघ ने अपने लुक और रैंप वॉक से सबका ध्यान खींचा। वहीं, दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन भी इस इवेंट में पहुंचीं। उन्होंने फ्रंट रो में बैठकर शरवरी और डिजाइनर जोड़ी के लिए खूब तालियां बजाईं।
महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए इस फैशन शो की थीम 1970 और 80 के दशक के डिस्को फैशन पर रखी गई थी। शरवरी ने इस मौके पर रेड कलर का खूबसूरत गाउन पहना था, जिस पर सिल्वर वर्क किया गया था। जैसे ही शरवरी ने रैंप पर एंट्री की, वहां मौजूद लोगों की निगाहें उन पर टिक गईं।
डिजाइनरों के साथ रैंप पर जलवा
शरवरी ने अबू जानी और संदीप खोसला के साथ भी रैंप पर जलवा बिखेरा। इस दौरान जया बच्चन तीनों का हौसला बढ़ाती नजर आईं। शरवरी की रैंप वॉक का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। फैंस उनके लुक और आत्मविश्वास की तारीफ कर रहे हैं।
इस इवेंट में जया बच्चन का खुशमिजाज अंदाज भी चर्चा में रहा। वह इस इवेंट में डिजाइनर संदीप खोसला के साथ पहुंचीं और दोनों ने पैपराजी के सामने रेड कार्पेट पर साथ में पोज भी दिए। आमतौर पर कैमरों के सामने गंभीर नजर आने वाली जया इस बार काफी खुश दिखीं।
म्यूजिक पर झूमीं जया बच्चन
शो के दौरान जया बच्चन म्यूजिक पर झूमती नजर आईं। वहीं, जब शरवरी रैंप पर आईं तो जया ने मुस्कुराते हुए तालियां बजाईं और उनका हौसला बढ़ाया। उनका यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। जया के इस मस्तीभरे अंदाज का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।
इस शाम में शरवरी वाघ के अलावा सिंगर अनन्या बिड़ला भी शामिल हुईं। वहीं, शीतल मल्हार, कैरोल ग्रेसियस और अर्चना अकिल कुमार जैसी मशहूर सुपरमॉडल्स ने भी रैंप वॉक किया। सभी ने अपने अंदाज से शो में चार चांद लगा दिए। कला, म्यूजिक और फैशन से सजे इस इवेंट में 70 और 80 के दशक के डिस्को दौर की झलक देखने को मिली।
शरवरी की आने वाली फिल्म
वर्क फ्रंट की बात करें तो शरवरी जल्द ही आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म ये प्रेम मोल लिया में नजर आएंगी। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह है।
वहीं, जया बच्चन की आने वाली फिल्मों में दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग शामिल है। विकास बहल के निर्देशन में बन रही इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में जया बच्चन के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
डिस्को इन्फर्नो शो ने फैशन और बॉलीवुड की दुनिया को एक मंच पर ला दिया। शरवरी की रेड गाउन वाली रैंप वॉक और जया बच्चन की तालियां इस शाम की सबसे यादगार झलकियां बन गईं।
