बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपनी कार पर हुई कथित गोलीबारी के हफ्तों बाद एक बार फिर फिल्म के सेट पर लौट आए हैं। उन्होंने निर्देशक राज मेहता की फिल्म लग जा गले की शूटिंग दोबारा शुरू की और जान्हवी कपूर के साथ इसका पुणे शेड्यूल पूरा कर लिया है। इस अपडेट के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोलियां चलाई थीं। उस समय अभिनेता फुटबॉल ग्राउंड से अपने घर लौट रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान बंदूक से निकले बारूद और कार का शीशा टूटने की वजह से टाइगर को मामूली चोटें आई थीं। इस घटना के बाद उनकी फिल्म की शूटिंग पर लौटने को लेकर सवाल उठने लगे थे।
केक की तस्वीर से सामने आया शेड्यूल पूरा होने का अपडेट
फिल्म के पुणे शेड्यूल के पूरा होने की जानकारी हेयर और मेकअप आर्टिस्ट सौरव रॉय ने सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक चॉकलेट केक की तस्वीर पोस्ट की, जिस पर एलजेजी पुणे रैप लिखा हुआ था। सौरव रॉय ने इस पोस्ट में धर्मा प्रोडक्शंस को भी टैग किया।
तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, और यह रैप हो गया। इसके साथ ही उन्होंने टाइगर श्रॉफ और जान्हवी कपूर को भी टैग किया। बाद में जान्हवी कपूर ने सौरव रॉय की इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीशेयर किया। इसके बाद फिल्म के पुणे शेड्यूल की शूटिंग पूरी होने की जानकारी सामने आई।
गोपनीय रखी गई थी पुणे शेड्यूल की लोकेशन
गोलीबारी की घटना के बाद टाइगर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने पुणे शेड्यूल की लोकेशन को पूरी तरह गोपनीय रखा था। खबर आई थी कि टाइगर नवंबर में निर्देशक राज मेहता की फिल्म लग जा गले के सेट पर वापसी करेंगे। फिल्म के कुछ पैचवर्क यानी बचे हुए हिस्सों की शूटिंग बाकी थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।
लग जा गले का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं। फिल्म में टाइगर श्रॉफ और जान्हवी कपूर के अलावा लक्ष्य भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। राज मेहता इससे पहले गुड न्यूज, जुग जुग जियो और सेल्फी जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। यह फिल्म एक रिवेंज एक्शन लव स्टोरी है और 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बागी 4 के बाद इन फिल्मों में नजर आएंगे टाइगर
टाइगर श्रॉफ को पिछली बार ए. हर्षा के निर्देशन में बनी एक्शन थ्रिलर फिल्म बागी 4 में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त, हरनाज संधू, सोनम बाजवा, श्रेयस तलपड़े, महेश ठाकुर, सौरभ सचदेवा और उपेंद्र लिमये नजर आए थे। साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
अब टाइगर श्रॉफ रेमो डिसूजा के निर्देशन में बनने वाली एक अनटाइटल्ड फिल्म में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ एल्विश यादव और अभिषेक बनर्जी भी काम कर रहे हैं।
