एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर खिताब जीत लिया। ओमान के अल अमीरात स्थित मिनिस्ट्री टर्फ 2 मैदान पर खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। भारत ने 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर जीत हासिल की।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए उस्मान खान और हयम खान के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई। पाकिस्तान की तरफ से ओपनर उस्मान खान ने शानदार 107 रन बनाए, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 रन और कप्तान फरहान युसूफ ने 63 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान 370 के करीब पहुंच जाएगा, लेकिन आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की। भारत की ओर से काव्य पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट लिए। वेंकट ने 3 और अर्जुन राजपूत ने 1 विकेट अपने नाम किया।
सहवाग और रायचंदानी ने दी अच्छी शुरुआत
रन चेज में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत मिली। पहले विकेट के लिए आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी ने अच्छी साझेदारी की। आर्यवीर सहवाग 58 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। वहीं कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। वह 100 गेंदों में 80 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा बाकी के भारतीय बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए।
मनल और मोहित ने पलटी बाजी
252 रन के स्कोर पर आठवां विकेट गिरने के बाद मोहित उल्वा और मनल चौहान ने समझदारी के साथ बल्लेबाजी की। 9वें विकेट के लिए दोनों के बीच 35 गेंदों में 57 रनों की साझेदारी हुई। मनल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन की पारी खेली। मनल चौहान आउट हुए, तब भी 29 रन चाहिए थे।
उसके बाद मोहित उल्वा ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। मोहित ने आखिरी विकेट के लिए चिगुरुपति वेंकट के साथ मिलकर 29 रन जोड़े और टीम को 1 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। आखिरी गेंद पर भारत को 4 रन चाहिए थे। मोहित ने चौका लगाकर भारत को चैंपियन बना दिया। मोहित ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए।
भारत ने नौवीं बार जीता खिताब
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब नौवीं बार अपने नाम किया। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का गत विजेता था। भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री पाई थी।
