राजस्थान के उदयपुर की चीरवा टनल में कार रोककर पटाखे फोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना नेशनल हाईवे 58 पर स्थित चीरवा टनल की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सफेद रंग की कार टनल के अंदर खड़ी है और उसके पास कुछ लोग मौजूद हैं। इसी दौरान पटाखे फोड़े जा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि जिस जगह आतिशबाजी की जा रही है, वहां से दूसरे वाहन भी लगातार गुजर रहे हैं। पटाखों से निकलने वाला धुआं और चिंगारियां आसपास फैलती दिखाई देती हैं। इस दौरान दूसरे वाहन चालकों को भी सावधानी बरतते हुए वहां से निकलना पड़ता है।
टनल के अंदर पटाखे फोड़ना खतरनाक
सुरंग के अंदर पटाखे फोड़ना खुले मैदान में आतिशबाजी करने से कहीं ज्यादा खतरनाक हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह टनल की बनावट है। सुरंग एक सीमित और बंद जगह होती है, जहां हवा का सामान्य आवागमन खुले स्थानों की तुलना में कम होता है।
पटाखे फोड़ने पर बड़ी मात्रा में धुआं निकलता है। टनल के अंदर यह धुआं आसानी से बाहर नहीं निकल पाता। इससे सड़क पर विजिबिलिटी कम हो सकती है। वहीं पटाखों से निकलने वाली चिंगारियां आसपास मौजूद ज्वलनशील वस्तुओं के संपर्क में आ सकती हैं।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि पटाखे जलाना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन इसके लिए दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना बिल्कुल गलत है।
कई यूजर्स ने वाहन का नंबर पता लगाकर संबंधित लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। यूजर्स का यह भी कहना है कि हाईवे पर सफर करने वाले दूसरे यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी वाहन चालकों की होती है।
