उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 55 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें अपर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और नगर निकायों में तैनात अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही चार आईएएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़ और वाराणसी समेत कई जगहों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। जारी की गई ट्रांसफर लिस्ट के मुताबिक कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों और अन्य विभागों में नई तैनाती दी गई है।
पांच विकास प्राधिकरणों के सचिव बदले, लखनऊ से गाजियाबाद
सरकार ने एक साथ पांच बड़े विकास प्राधिकरणों के सचिव बदले हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण भेजा गया है। उनके स्थान पर अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण भेजा गया है। वाराणसी विकास प्राधिकरण के सचिव वेद प्रकाश मिश्रा को हापुड़ का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है।
मेरठ विकास प्राधिकरण में सचिव रहे बृजेश कुमार सिंह को विशेष कार्याधिकारी, नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। नोएडा में विशेष कार्याधिकारी रहे क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी, दादरी नोएडा गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (नोएडा) और बुलंदशहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रेटर नोएडा में विशेष कार्याधिकारी रहे अजय कुमार शर्मा को अलीगढ़ का उप जिलाधिकारी बनाया गया है।
कई जिलों में नए एसडीएम, पश्चिमी यूपी में सबसे ज्यादा बदलाव
अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल से अपर आयुक्त, सहारनपुर मंडल बनाया गया है। ज्ञान चन्द्र गुप्ता को बस्ती के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) से अयोध्या तीर्थ विकास परिषद का संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में एसडीएम बदले गए हैं। ऋषिकांत राजवंशी को बलिया से बांदा में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है। अपूर्वा यादव को मुजफ्फरनगर से दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ गजेंद्र पाल सिंह को अलीगढ़ से बलरामपुर का एसडीएम बनाया गया है। अनिल कुमार यादव को वाराणसी नगर निगम से मुजफ्फरनगर का एसडीएम बनाया गया है।
आईएएस अधिकारियों में शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब राज्य में प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं।
