India Samachar 24
बुधवार, 18 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

12वीं पास के लिए कॉन्स्टेबल की नई भर्ती, उत्तराखंड में 1694 पदों पर नोटिफिकेशन जारी

खाकी वर्दी पहनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड में 1600 से ज्यादा पदों पर सिपाही की नई भर्ती की घोषणा की गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड पुलिस व…

12वीं पास के लिए कॉन्स्टेबल की नई भर्ती, उत्तराखंड में 1694 पदों पर नोटिफिकेशन जारी
उत्तराखंड पुलिस के जवान परेड के दौरान। (फोटो: एनबीटी)

खाकी वर्दी पहनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड में 1600 से ज्यादा पदों पर सिपाही की नई भर्ती की घोषणा की गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड पुलिस विभाग, वन विभाग, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग, सचिवालय प्रशासन, आबकारी विभाग और उत्तराखंड परिवहन विभाग में कॉन्स्टेबल की वैकेंसी निकाली है। सभी डिपार्टमेंट को मिलाकर 1694 पद भरे जाएंगे।

पुलिस की इस सीधी भर्ती में सभी पद ग्रुप सी के हैं। आवेदन 25 नवंबर 2026 से शुरू होंगे और अप्लाई करने की आखिरी तारीख 25 दिसंबर 2026 है। फॉर्म में सुधार 28 से 30 दिसंबर 2026 तक किया जा सकेगा। चयनित उम्मीदवारों को 21,700 से 69,100 रुपये तक का वेतन मिलेगा। आवेदन आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर करना होगा।

विभागवार वैकेंसी

उत्तराखंड आरक्षी, जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464 पद, उत्तराखंड आरक्षी PAC/IRB (पुरुष) के 284 पद और उत्तराखंड आरक्षी, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 पद भरे जाएंगे। फायरमैन (पुरुष/महिला) के 201 पद, वन आरक्षी के 171 पद और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पद हैं। बंदीरक्षक के 117 पद और महिला बंदीरक्षक के 27 पद कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में हैं। सचिवालय रक्षक के 54 पद, आबकारी सिपाही के 45 पद और परिवहन आरक्षी के 18 पद भी इस भर्ती में शामिल हैं।

कौन कर सकता है आवेदन

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। आवेदन के दौरान कैंडिडेट्स को अपने हाई स्कूल के सर्टिफिकेट के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की फोटो अपलोड करनी होगी। इसके अलावा निवास प्रमाण पत्र और 12वीं की मार्कशीट जैसे डॉक्यूमेंट्स भी एक जगह ही तैयार करके रख लें।

दो चरणों में होगा चयन

इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन 2 चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद जो अभ्यर्थी सफल होंगे, उनकी बहुविकल्पीय ऑफलाइन प्रतियोगी परीक्षा ली जाएगी।

फिजिकल टेस्ट में कैंडिडेट की हाइट और वजन का मापन होने के बाद क्रिकेट बॉल थ्रो, लंबी कूद, चिनिंग अप, दौड़ व चाल और शटल रेस जैसे इवेंट में भाग लेना होगा। दूरी के हिसाब से मार्क्स भी तय किए गए हैं। हर इवेंट में न्यूनतम मार्क्स प्राप्त करने होंगे। जो कैंडिडेट्स क्वालिफाइंग अंक हासिल नहीं कर सकेंगे, उन्हें डिस्क्वालिफाई माना जाएगा।

लिखित परीक्षा 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी और 2 घंटे की होगी। इसमें पद की शैक्षिक अर्हता से जुड़े सवाल होंगे। रिटन एग्जाम में जनरल, ओबीसी और आ.क.व कैटेगरी के कैंडिडेट्स को 45 प्रतिशत और एससी/एसटी कैटेगरी के अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत मार्क्स कम से कम लाने होंगे। इतने मार्क्स न लाने पर अनर्ह माने जाएंगे।

फिजिकल टेस्ट और लिखित परीक्षा के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। जिसके बाद कैंडिडेट्स की फाइनल जॉइनिंग होगी।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →