ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों के बीच निकाली गई भगवान परशुराम की शोभायात्रा
डीके श्रीवास्तव

आगरा। क्लार्क इन से सेंटर पार्क तक गाजे-बाजे के साथ निकली भगवान परशुराम शोभायात्रा, सर्व समाज ने दिखाई एकजुटता
आगरा । भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ क्लार्क इन होटल से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए सेंटर पार्क पर जय श्री परशुराम के गगनभेदी जयकारों के साथ संपन्न हुई। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों के बीच निकाली गई शोभायात्रा में भगवान परशुराम की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
सर्व समाज के लोगों ने की सहभागिता
शोभायात्रा में सर्व समाज के लोगों ने भगवान परशुराम जी में आस्था जताते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर सामाजिक एकता का परिचय दिया। आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य भगवान
परशुराम के आदर्शों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
जन सहयोग संगठन के पदाधिकारी भी रहे मौजूद
शोभायात्रा में जन सहयोग संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हुए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्राह्मण शिरोमणि मनोज शर्मा, राष्ट्रीय संचालक ब्राह्मण शिरोमणि आरती शर्मा, भाजपा नेता रामकुमार शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र पचौरी, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष संजय
शर्मा, राजू पण्डित जी और आगरा मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने भगवान परशुराम का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भगवान परशुराम जी से संपूर्ण विश्व में खुशहाली और संपन्नता का प्रकाश फैलाने का आह्वान किया।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। सेंटर पार्क पर समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया।



