परशुराम चौक पर जन सहयोग संगठन का जोरदार प्रदर्शन, कमिश्नर से की सख्त कार्रवाई की मांग
डीके श्रीवास्तव

आगरा। परशुराम चौक पर अंबेडकर जयत्ती पर नीला झंडा फहराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को भगवान परशुराम की तस्वीर लेकर ब्राह्मण समाज के 200 से अधिक लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाए भी वहां पहुंचीं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, तो तीखी नोकझोंक हुई। छीना-झपटी के दौरान परशुराम की तस्वीर टूट गई और कई प्रदर्शनकारियों के कपड़े भी फट गए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन में शामिल जन सहयोग संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और उनके भगवान की तस्वीर तोड़ दी। उन्होंने कहा कि वे लोग परशुराम चौक को शुद्ध करने के लिए अभिषेक करने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पुलिस भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज शर्मा ने पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने उन्हें 48 घंटे में भगवान परशुराम चौक पर हुड़दंग करने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वहां पर परशुराम चौकी का निर्माण किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे से चल रहे धरने को समाप्त करने का ऐलान किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो वे फिर से प्रदर्शन करेंगे।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि जन सहयोग संगठन ने आरोप लगाया था कि अंबेडकर जयती के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने परशुराम चौक पर लगे छत्र और प्रतीक चिन्हों के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े गए। संगठन ने इसे धार्मिक आस्था का अपमान बताते हुए कमिश्नर से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई
सिकंदरा थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के
अनुसार घटनास्थत और आसपास के सीसीटीवी पफुटेज खंगाले जा रहे है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अंबेडकर जयंती पर परशूराम वौक पर नीला झंडा लगाने का आरोप
दरअसल, 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर आगरा में शोभायात्रा निकाली गई थी। आरोप है कि आवास विकास कॉलोनी स्थित परशुराम चौक पर भीम आर्मी के लोगों ने नीला झंडा लगा दिया। यह भी आरोप है कि शोभायात्रा में शामिल कुछ युवक जूते-चप्पल पहनकर परशुराम चौक पर चढ़ गए, फरसा हटाने की कोशिश की और वहां नीला झंडा लगा दिया।



