
आगरा। पिछले कई दिनों से जारी बारिश से खंदौली क्षेत्र के गांव में मलूपुर में एक मकान गिर गया। मकान गिरने से पहले दीवारों में दरारें आने लगी थीं। गनीमत रही की परिवार का कोई भी सदस्य घर पर नहीं था जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। उदय सिंह पुत्र फौरन सिंह कुशवाह जूता की फ़ैक्ट्री में कार्य करते है। उनका मकान लगातार बारिश से कमजोर हो गया था। कुछ ही मिनटों में पूरा मकान गिरकर मलबे में बदल गया। हादसे में घर का सारा सामान मलबे में दब गया। उदय सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है। अब उनके परिवार के पास रहने की कोई जगह नहीं है। बारिश में खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दी है। उन्होंने बताया कि गांव के कई अन्य कच्चे मकान भी खतरे में हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।