देहरादून की अनन्या मल्होत्रा ने जिस क्रोशिया की कला को लोग अक्सर दादी नानी का शौक मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, उसी से एक सफल बिजनेस खड़ा कर दिया है। कोरोना लॉकडाउन के दौरान सिर्फ 200 रुपये से शुरू हुआ यह सफर आज हर महीने 5 लाख रुपये तक के राजस्व तक पहुंच गया है।
उनके ब्रांड का नाम एनचांटेड थ्रेड्स है। यह ब्रांड अपनी वेबसाइट के साथ क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी मौजूद है। उत्तराखंड की 120 से ज्यादा महिला कारीगर इस ब्रांड के साथ जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं।
10 साल की उम्र में सीखा था क्रोशिया
अनन्या ने सिर्फ 10 साल की उम्र में अपनी घरेलू सहायिका से क्रोशिया चलाना सीखा था। 17 साल की उम्र में उन्होंने 100 से 200 रुपये के ऊन और ईयररिंग हुप्स खरीदकर इंस्टाग्राम पर अपना पेज शुरू किया।
अनन्या ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मैथ्स ऑनर्स की पढ़ाई की है और हैदराबाद के आईएसबी से एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम भी किया है। लॉकडाउन में बोर्ड परीक्षा के बाद खाली समय में उन्होंने क्रोशिया को फिर से हाथ में लिया और धीरे धीरे इसे बिजनेस का रूप दे दिया।
फूल, बैग और फॉरएवर फ्लावर कलेक्शन
यह स्टार्टअप क्रोशिया के फूल, बैग, एक्सेसरीज, प्लशीज और फॉरएवर फ्लावर कलेक्शन जैसे प्रोडक्ट बनाता है। इनकी कीमत 200 रुपये से 5,000 रुपये तक है।
पहले साल में स्टार्टअप का टर्नओवर 10 से 11 लाख रुपये था। आज यह ब्रांड पूरे भारत में 10,000 से ज्यादा ऑर्डर पूरे कर चुका है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहा है ब्रांड
अनन्या की टीम में उत्तराखंड की 120 से ज्यादा महिला कारीगर काम कर रही हैं। इन महिलाओं को घर बैठे काम और नियमित आमदनी मिल रही है, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।
अनन्या ने एक इंटरव्यू में बताया था कि बिजनेस शुरू करने के छह महीने के अंदर ही उन्होंने अपनी कमाई से खुद के लिए फोन खरीदा था। अपनी कमाई से उन्होंने अपनी मां के यूरोप यात्रा के सपने को भी पूरा करने में मदद की।
विशेषज्ञों का कहना है कि हस्तशिल्प आधारित डी2सी ब्रांडों के लिए ऑनलाइन और क्विक कॉमर्स ने नए रास्ते खोले हैं। छोटे शहरों के कारीगर अब सीधे देश भर के ग्राहकों तक पहुंच सकते हैं।
