India Samachar 24
शनिवार, 21 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

एप्पल बना रहा अपना AI एजेंट, इंसान की तरह चलाएगा कंप्यूटर, बार-बार कमांड की जरूरत नहीं

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में आगे बने रहने के लिए एप्पल अब एक ऐसे AI एजेंट पर काम कर रहा है जो कंप्यूटर का इस्तेमाल बिल्कुल इंसान की तरह कर सकेगा। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक क…

एप्पल बना रहा अपना AI एजेंट, इंसान की तरह चलाएगा कंप्यूटर, बार-बार कमांड की जरूरत नहीं
एप्पल एक ऐसे AI एजेंट पर काम कर रहा है जो इंसान की तरह कंप्यूटर का इस्तेमाल कर सकेगा। (फोटो: नवभारत टाइम्स)

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में आगे बने रहने के लिए एप्पल अब एक ऐसे AI एजेंट पर काम कर रहा है जो कंप्यूटर का इस्तेमाल बिल्कुल इंसान की तरह कर सकेगा। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी एक ऐसा स्मार्ट असिस्टेंट बनाना चाहती है जो यूजर की तरफ से रोजमर्रा के काम खुद कर सके। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसके लिए यूजर को बार-बार निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह एजेंट एक बार काम समझकर उसे शुरू से अंत तक खुद पूरा करेगा।

सिरी से कैसे अलग होगा यह एजेंट

एप्पल के मौजूदा AI असिस्टेंट सिरी से अपना काम कराने के लिए यूजर को बार-बार कमांड देनी होती है। हर छोटे काम के लिए अलग निर्देश देना पड़ता है। आने वाला AI एजेंट इससे कहीं ज्यादा काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह कई स्टेप वाले कामों को शुरू से अंत तक पूरा कर सकेगा। लिस्टिंग के मुताबिक यह AI वेब ब्राउजर, ऐप्स, कमांड लाइन, कोड और अन्य सेवाओं के बीच आसानी से काम कर सकेगा और हर स्टेप के लिए सही टूल खुद चुन सकेगा।

क्या-क्या काम कर सकेगा यह एजेंट

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक यह नया AI एजेंट कई तरह के काम करने में सक्षम होगा।

- ऐप्स को खोलना और उनके बीच स्विच करना - वेबसाइट ब्राउज करना और जानकारी निकालना - सिस्टम कमांड चलाना - कोड लिखना और उसमें गलतियां ठीक करना - बैकग्राउंड में छोटे और खास AI टूल्स के साथ मिलकर जटिल काम पूरे करना

कंपनी का मकसद एक ऐसा असिस्टेंट बनाना है जो यूजर के रोजमर्रा के डिजिटल कामों को बिना रुकावट के संभाल सके।

नौकरी की लिस्टिंग से चला पता

ब्लूमबर्ग ने एप्पल की करियर वेबसाइट पर एक नई नौकरी की वैकेंसी देखी। 17 नवंबर 2026 को पोस्ट की गई यह वैकेंसी क्यूपर्टिनो में स्थित एक पद के लिए है। पद का नाम सीनियर इंजीनियरिंग मैनेजर, एजेंटिक AI, प्रोएक्टिव है। नौकरी की लिस्टिंग में एप्पल ने साफ बताया है कि वह क्या बनाने की कोशिश कर रहा है। पोस्ट में कहा गया है कि एक ऐसे AI एजेंट की कल्पना करें जो कंप्यूटर का इस्तेमाल ठीक उसी तरह कर सके जैसे कोई इंसान करता है। इसी लिस्टिंग से इस प्रोजेक्ट के बारे में पता चला है।

प्राइवेसी और सुरक्षा पर जोर

एप्पल ने यह भी साफ किया है कि प्राइवेसी और सुरक्षा उसकी प्राथमिकता होगी। कोड चलाने और ऐप्स का इस्तेमाल करने वाले AI को यूजर के डिवाइस तक पहुंच की जरूरत होती है। इसलिए एप्पल यूजर के डेटा को सुरक्षित रखने के लिए परमिशन चेक और सुरक्षा घेरे का इस्तेमाल करेगा। कंपनी का कहना है कि एजेंट तभी काम करेगा जब यूजर ने उसकी पहुंच के लिए अनुमति दी होगी।

AI की दौड़ में एप्पल का बड़ा दांव

AI एजेंट्स को टेक्नोलॉजी की दुनिया का अगला बड़ा मोर्चा माना जा रहा है। कई बड़ी कंपनियां ऐसे एजेंट बनाने की होड़ में हैं जो सिर्फ जवाब देने के बजाय काम करके दिखाएं। इस प्रोजेक्ट के साथ एप्पल भी टेक के सबसे चर्चित क्षेत्रों में से एक में कदम रख रहा है। कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि यह एजेंट कब तक यूजर्स तक पहुंचेगा। लेकिन नौकरी की लिस्टिंग से साफ है कि इस पर काम तेज गति से चल रहा है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →