ट्रेन में सफर करते समय टिकट की जांच होना आम बात है। रेलवे के नियमों के मुताबिक, हर यात्री के पास वैध टिकट होना जरूरी है। अगर कोई यात्री बिना टिकट सफर करता हुआ पकड़ा जाता है तो रेलवे के नियमों के मुताबिक उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, कई बार टिकट जांच के दौरान यात्रियों और टीटीई के बीच बहस भी शुरू हो जाती है। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो आर्मी जवानों और महिला टीटीई के बीच टिकट को लेकर विवाद होता दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ट्रेन के अंदर एक महिला टीटीई दो आर्मी जवानों से टिकट दिखाने के लिए कहती नजर आती हैं। बताया जा रहा है कि दोनों जवान बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। जब महिला कर्मचारी उनसे टिकट के बारे में पूछती हैं तो दोनों के बीच बातचीत शुरू हो जाती है। महिला टीटीई उन्हें बिना टिकट सफर करने के लिए पेनॉल्टी भरने को कहती हैं, लेकिन जवान इसके लिए तैयार नहीं होते।
वीडियो में जवान महिला टीटीई से कहते सुनाई देते हैं कि आप टिकट काट दीजिए, हम चालान नहीं भरेंगे। इस दौरान महिला कर्मचारी उन्हें नियमों के मुताबिक जुर्माना भरने के लिए कहती हैं। दोनों के बीच बातचीत लगातार तीखी होती जाती है।
टीटीई ने टैब से ली तस्वीर, जवान भी बनाने लगे वीडियो
इसी बीच महिला टीटीई टैब की मदद से दोनों जवानों की तस्वीर लेने की कोशिश करती हैं। तभी एक अन्य टीटीई भी वहां पहुंच जाता है और जवानों को समझाने की कोशिश करता है। हालांकि, इसके बाद भी मामला शांत नहीं होता। जवान भी महिला टीटीई का वीडियो बनाने लगते हैं।
वीडियो में बहस के दौरान महिला टीटीई जवानों से यह कहते हुए भी सुनाई देती हैं कि आपकी नौकरी पर आ जाएगी। इस पर भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रहती है। ट्रेन में मौजूद किसी यात्री ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जहां यह लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस मामले पर अपनी राय रख रहे हैं। कुछ लोग महिला टीटीई का समर्थन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वह सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रही थीं। एक यूजर ने लिखा कि महिला टीटीई अपना काम कर रही हैं और जवानों को नियमों का पालन करना चाहिए।
दोनों पक्षों के लिए संयम की सलाह
वहीं, कुछ यूजर्स का मानना है कि किसी भी विवाद के दौरान दोनों पक्षों को सम्मान और संयम बनाए रखना चाहिए। दूसरे यूजर ने कहा कि जवानों को चालान भर देना चाहिए था। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वर्दी पहनने वाले किसी भी व्यक्ति को नियमों का पालन सबसे पहले करना चाहिए।
रेलवे के नियमों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करने पर यात्री से किराए के साथ जुर्माना वसूला जाता है। टीटीई का काम टिकट जांचना और नियमों का पालन कराना होता है। अगर कोई यात्री जुर्माना देने से इनकार करता है तो रेलवे पुलिस की मदद ली जा सकती है।
इस मामले में अभी यह साफ नहीं है कि घटना किस ट्रेन की है और इसके बाद क्या कार्रवाई हुई। वीडियो में दिख रही बहस के बाद मामले का क्या नतीजा निकला, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। यह घटना फलकनुमा एक्सप्रेस में फर्जी महिला टीटीई की घटना से अलग है, जिसमें एक महिला खुद को टीटीई बताकर यात्रियों से पैसे वसूल रही थी।
