India Samachar 24
रविवार, 15 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

बाराबंकी में मां ने तीन बेटियों के संग ट्रेन से कटकर दी जान, ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद बेटा होने की उम्मीद टूटने से डिप्रेशन में थी महिला

यूपी के बाराबंकी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद बेटा होने की उम्मीद खो चुकी महिला ने शुक्रवार की शाम तीन बेटियों के साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। हादसा नगर …

बाराबंकी में मां ने तीन बेटियों के संग ट्रेन से कटकर दी जान, ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद बेटा होने की उम्मीद टूटने से डिप्रेशन में थी महिला
बाराबंकी में मां और तीन बेटियों की ट्रेन से कटकर मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

यूपी के बाराबंकी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद बेटा होने की उम्मीद खो चुकी महिला ने शुक्रवार की शाम तीन बेटियों के साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। हादसा नगर कोतवाली क्षेत्र में ग्रीडगंज मोहल्ले के पास शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन से हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक के पास पड़े शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बहराइच के ग्राम दिकोलिया निवासी रामतेज पाल लखनऊ में वन विभाग में कार्यरत हैं। वह नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्रीडगंज मोहल्ले में मकान बनाकर पत्नी किरन पाल और चार बेटियों के साथ रहते थे। शुक्रवार को इनका ममेरा भाई बिंदेश भी आया था। शाम को रामतेज बड़ी बेटी के साथ कपड़ा लेने गए थे। शाम साढ़े छह बजे घर लौटे तो बिंदेश से पत्नी और बेटियों के बारे में पूछा तो बताया कि वह दुकान गई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग एक महिला और तीन बेटियों के ट्रेन से कटने की बात कह रहे थे। वे रेल पटरी के किनारे पहुंचे तो पटरी के पास ही किरन और तीनों बेटियों के शव पड़े थे।

बेटा होने की उम्मीद खत्म होने से डिप्रेशन में थी

हादसा शुक्रवार शाम सवा छह बजे जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस (13152) से हुआ था। परिजनों ने बताया कि अगस्त में किरन के ट्यूमर का ऑपरेशन कराया गया था। इसमें उनका गर्भाशय हटा दिया गया था। इसके बाद वह डिप्रेशन में थीं। बताया गया कि बेटा होने की उम्मीद खत्म होने से वह डिप्रेशन में थीं।

मृतका की ननद गुड़िया ने बताया कि किरन के गर्भाशय में गांठ थी। इसका ऑपरेशन रक्षा बंधन के कुछ दिन पहले ही कराया गया था। किरन की चार बेटियां थीं। इनमें सात साल की जुड़वां बेटियां भी शामिल हैं। ऑपरेशन के बाद से वह काफी तनाव में थीं। लोगों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद बेटा होने की उम्मीद भी खत्म हो गई थी, जिससे वह परेशान थीं।

परिवार में मचा कोहराम

रामतेज पाल बड़ी पुत्री के साथ सर्दी के कपड़े लेने गए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे वह घर लौटे तो घर पर आए अपने ममेरे भाई बिंदेश से कहा कि रास्ते में लोग चर्चा कर रहे थे कि पास ही एक महिला और तीन बच्चों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। इसके बाद उन्होंने बिंदेश से पत्नी और तीनों बेटियों के विषय में पूछा। बिंदेश ने कहा कि भाभी तीनों बेटियों को लेकर दुकान गई हैं। इतना सुनते ही रामतेज पाल बदहवास हो गए और रेल पटरी की ओर भागे।

रामतेज पाल की चारों बेटियां स्थानीय आरएस यादव मेमोरियल मॉन्टेसरी स्कूल गांधी नगर में पढ़ती थीं। बड़ी बेटी कक्षा पांच की छात्रा थी, जबकि छोटी बेटियां प्री प्राइमरी में पढ़ रही थीं। चारों बहनें हमेशा साथ में खेलती कूदती थीं। पूरा परिवार खुशियों से भरा था। पड़ोसियों ने बताया कि पूरे परिवार ने धूमधाम से दीपावली पर्व मनाया था। लेकिन अब वहां मातम छाया है। इस संबंध में CO सिटी आफताब आलम ने बताया कि ट्रेन से कटकर महिला और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →