India Samachar 24
रविवार, 15 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

यूपी में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी मिली तो BLO से लेकर ERO तक की होगी जवाबदेही, एक से दो महीने तक कटेगा मानदेय, 17 नवंबर से दावे आपत्तियां

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत मतदाता सूची की शुद्धता और गुणव…

यूपी में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी मिली तो BLO से लेकर ERO तक की होगी जवाबदेही, एक से दो महीने तक कटेगा मानदेय, 17 नवंबर से दावे आपत्तियां
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा (फाइल फोटो)।

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत मतदाता सूची की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सूची में गंभीर त्रुटियां, लापरवाही या दोषपूर्ण कार्य मिलने पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर, बीएलओ सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। इनके मानदेय में कटौती भी होगी। रिणवा ने कहा कि इस कार्य में लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

निर्वाचन आयोग ने पुनरीक्षण के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तय की है। इस दौरान हर स्तर पर मतदाता सूची की शुद्धता पर ध्यान देना है। नाम, आयु, पता और जेंडर संबंधी त्रुटियों को गंभीरता से लेते हुए उनका सुधार किया जाएगा।

बीएलओ का एक महीने और ईआरओ का दो महीने तक कटेगा मानदेय

बीएलओ के काम का आकलन 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक किया जाएगा। इस अवधि में उनकी लापरवाही या दोषपूर्ण कार्य के कारण डुप्लीकेट प्रविष्टि अथवा जेंडर, नाम, आयु, पता और अन्य विवरणों में त्रुटियां मिलने पर उनकी गंभीरता और संख्या के अनुसार एक माह तक के मानदेय में कटौती की जाएगी। बीएलओ सुपरवाइजर के काम की गुणवत्ता भी इसी अवधि में परखी जाएगी। पर्यवेक्षण में लापरवाही के कारण एक ही घर में रहने वाले परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों या अनुभागों में पाए जाने पर सुपरवाइजर के अधिकतम एक माह के मानदेय की कटौती हो सकती है।

ईआरओ और एईआरओ के कार्यों का मूल्यांकन निर्वाचक नामावली फ्रीज होने की तारीख सात नवंबर से अंतिम प्रकाशन की तारीख चार जनवरी 2027 तक होगा। प्रभावी पर्यवेक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रपत्रों की जांच और दावे-आपत्तियों को स्वीकार या अस्वीकार करने की प्रक्रिया में लापरवाही से गंभीर त्रुटियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर लगभग दो माह तक के मानदेय की आनुपातिक कटौती की जाएगी।

17 से 20 नवंबर तक सूची की जांच, नागरिक भी बता सकेंगे गलतियां

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए 17 से 20 नवंबर तक बूथ लेवल अधिकारियों के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इस दौरान वे अपने मतदेय स्थल की सूची का सूक्ष्म परीक्षण करेंगे। नाम, आयु, जेंडर, फोटो, पता या अन्य विवरण में त्रुटि मिलने पर संबंधित मतदाता से फॉर्म-आठ भरवाकर संशोधन की कार्यवाही की जाएगी। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त प्रपत्रों का प्रतिदिन डिजिटाइजेशन कर समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।

नागरिकों को मतदाता सूची में वास्तविक त्रुटियों की पहचान कर उनकी सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सबसे अधिक त्रुटियां बताने वाले नागरिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मानित करेंगे। 1,73,730 बूथों पर 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस होंगे। इन तिथियों पर मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक रहेंगे। 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को दी जाएंगी।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →