भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले फिर साथ आने की तैयारी में हैं। दोनों दलों के नेता आज मंगलवार को दोपहर एक बजे नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इसी मंच से गठबंधन और सीट बंटवारे पर औपचारिक ऐलान हो सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल संबोधित करेंगे। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। छह साल के अंतराल के बाद दोनों पुराने सहयोगी फिर एक मंच पर दिखेंगे।
अकाली दल ने सितंबर 2020 में केंद्र के तीन कृषि कानूनों को लेकर भाजपा से 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। इसके बाद से दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। उस समय अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री थीं और उन्होंने भी पद से इस्तीफा दे दिया था।
छह साल बाद फिर गठबंधन की सुगबुगाहट
पिछले एक महीने से गठबंधन की अटकलें तेज हैं। पिछले महीने दिल्ली में अमित शाह ने कहा था कि 2027 में पंजाब में एनडीए की सरकार बनेगी। एक नवंबर को चंडीगढ़ दौरे पर भी उन्होंने यही बात दोहराई थी। शाह के इन बयानों के बाद से ही दोनों दलों के फिर साथ आने की चर्चा जोर पकड़ गई।
दो नवंबर को जब सुखबीर सिंह बादल से फिर से गठबंधन की संभावना पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने टालते हुए कहा था, "कुछ ही दिनों में आपको पता चल जाएगा कि क्या होने वाला है।" उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को छोड़कर वे उन दलों से गठबंधन के लिए तैयार हैं जो उनकी पार्टी के दर्शन को स्वीकार करते हैं।
सीट बंटवारे पर बातचीत जारी
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है। पुराने समझौते के तहत विधानसभा चुनाव में भाजपा 23 सीटों पर और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था। लोकसभा चुनाव में अकाली दल 10 सीटों पर और भाजपा तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारती थी। इस बार सीटों के बंटवारे में बदलाव की चर्चा है।
सोमवार को भाजपा की पंजाब इकाई ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 16 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति की घोषणा की। समिति की कमान प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को सौंपी गई है। समिति में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया और श्वेत मलिक शामिल हैं।
2022 में दोनों दलों का प्रदर्शन
2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग लड़े थे। भाजपा को 117 में से दो सीटें मिली थीं और अकाली दल तीन सीटें जीत सका था। उस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। 2007 में दोनों दलों के गठबंधन ने 67 सीटें जीतकर कांग्रेस से सत्ता छीनी थी।
गठबंधन की वापसी से पंजाब की सियासत में समीकरण बदल सकते हैं। कांग्रेस ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया है कि क्या दोनों दलों ने अपने पुराने मतभेद भुला दिए हैं। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने इसे अवसरवाद करार दिया है।
आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर
आज दोपहर एक बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन की औपचारिक घोषणा के साथ सीट बंटवारे का ब्योरा भी सामने आ सकता है। दोनों दलों के नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। पंजाब के नेता भी घोषणा से पहले दिल्ली बुलाए गए हैं।

