पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार भाजपा गठबंधन में 48 से 55 सीटों की मांग कर रही है। सीट बंटवारे पर समझौता जल्द हो सकता है और घोषणा गुरु नानक जयंती के आसपास की जा सकती है।
दोनों दलों के बीच 24 साल पुराना गठबंधन 26 सितंबर 2020 को टूट गया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर से साथ आने की तैयारी में हैं। पंजाब में 117 विधानसभा सीटें हैं।
भाजपा कितनी सीटों की मांग कर रही है
सूत्रों के अनुसार भाजपा इस बार गठबंधन में ज्यादा सीटें चाहती है। टाइम्स नाउ के सूत्रों का कहना है कि भाजपा 48 से 55 सीटों की मांग कर रही है। वहीं न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार भाजपा को 47 से 48 सीटें मिलने की संभावना है। यह 2017 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई 23 सीटों से दोगुने से भी ज्यादा है।
भाजपा अर्ध-शहरी सीटों पर भी चुनाव लड़ना चाहती है, जहां उसे अकाली दल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। पार्टी ने तीन आंतरिक सर्वे कराए हैं, जिनमें कई अर्ध-शहरी सीटों पर भाजपा का प्रदर्शन अकाली दल से बेहतर बताया गया है।
आगे क्या होगा
पंजाब चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल 17 नवंबर को पंजाब का दौरा करेंगे और पार्टी नेताओं के साथ बैठकें करेंगे। इससे पहले अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को दिल्ली में पाटिल से मुलाकात की।
गृह मंत्री अमित शाह से भी जल्द मुलाकात होने की उम्मीद है। शाह 24 नवंबर को अमृतसर भी जा सकते हैं। 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी की जयंती है। हालांकि गठबंधन को लेकर भाजपा की पंजाब इकाई में सभी नेता एकमत नहीं हैं। वरिष्ठ नेता हरजीत ग्रेवाल ने कहा है कि पार्टी के पुराने नेता नए गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।
