India Samachar 24
रविवार, 15 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

महादेव बेटिंग ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापे, लाइव सट्टा पैनल बंद, डिजिटल सबूत जब्त

महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर CBI ने देश क…

महादेव बेटिंग ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापे, लाइव सट्टा पैनल बंद, डिजिटल सबूत जब्त
महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI हिरासत में ले जाया गया था (फाइल फोटो)।

महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर CBI ने देश के 6 राज्यों में स्थित 33 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान कई अवैध सट्टेबाजी और जुए के पैनल बंद कराए गए और भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और हवाला नेटवर्क व म्यूल बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए।

CBI की यह कार्रवाई पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में की गई है। जिन शहरों में मुख्य रूप से तलाशी ली गई, उनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, रायपुर, दुर्ग, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय रूप से संचालित होते पाए गए, जिन्हें टीम ने तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।

विदेश से चलता था पूरा नेटवर्क

छत्तीसगढ़ सरकार की सिफारिश पर जांच अपने हाथ में लेने के बाद CBI ने इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की थीं। अब तक की जांच से स्पष्ट हुआ है कि इस सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को विदेश में स्थित मुख्यालय से नियंत्रित किया जाता था, जबकि भारत में स्थानीय पैनल ऑपरेटरों का बड़ा जाल बिछा था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते थे और सट्टेबाजी से आने वाली अवैध रकम को किराए पर लिए गए या फर्जी नामों से खुलवाए गए म्यूल बैंक खातों में जमा करते थे। इसके बाद मुनाफे की रकम को हवाला चैनलों के जरिए विदेश भेज दिया जाता था।

चंद्राकर से पूछताछ में खुला नेटवर्क

सिंडिकेट के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर 2026 को भारत लाया गया था, जिसके बाद CBI ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था। पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद 12 नवंबर 2026 को उसे फिर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में विदेश में छिपे अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। इसके अलावा, इस अवैध नेटवर्क को संरक्षण देने वाले लोगों और इसमें शामिल संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

CBI की नागरिकों को चेतावनी

कार्रवाई के साथ ही CBI ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ पूरी तरह गैरकानूनी है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति पैसों के लालच में या किसी अन्य कारण से अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी दूसरे को उपयोग या किराए पर देता है, तो यह एक गंभीर आपराधिक कृत्य है। ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर संबंधित खाताधारकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →