भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल गिरफ्तारी और सीमा पार विवादों जैसे नए दौर की चुनौतियों से निपटने के लिए न्यायपालिका को आत्ममंथन करना होगा। उन्होंने कहा कि न्याय न सिर्फ समय पर मिलना चाहिए, बल्कि वह आम आदमी के लिए किफायती भी होना चाहिए। सीजेआई ने बुधवार को डीडी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में यह बात कही।
आत्ममंथन का मतलब न्यायपालिका पर सवाल नहीं
सीजेआई सूर्यकांत ने साफ किया कि आत्ममंथन की उनकी अपील का मतलब न्यायपालिका की ऐतिहासिक भूमिका पर सवाल उठाना या उसकी भूमिका को कम करना नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराधों की प्रकृति बदल रही है और लोगों की अपने अधिकारों को लेकर अपेक्षाएं भी बदल रही हैं, इसलिए अदालतों को अपनी तैयारियों का फिर से आकलन करना होगा।
AI के दौर में भौगोलिक सीमाएं हुईं बेमानी
तकनीक और AI के बढ़ते प्रभाव की ओर इशारा करते हुए सूर्यकांत ने कहा कि भौगोलिक सीमाएं अब काफी हद तक बेमानी हो गई हैं, जिससे बिल्कुल नए तरह के विवाद पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हम AI, तकनीकी चुनौतियों और वैश्विक मुद्दों से जूझ रहे हैं। भौगोलिक सीमाएं अब काफी हद तक अप्रासंगिक हो गई हैं, जिससे बिल्कुल अलग तरह के विवाद सामने आ रहे हैं।
डिजिटल गिरफ्तारी को बताया डिजिटल डकैती
डिजिटल गिरफ्तारी के बढ़ते मामलों का जिक्र करते हुए सीजेआई ने कहा कि ऐसे मामलों में ठग कानून प्रवर्तन अधिकारियों का रूप धरकर भोले-भाले लोगों को ठगते हैं। उन्होंने कहा कि अदालतों को बदलते समय के संदर्भ में अपनी शक्तियों को समझना होगा और ऐसे अपराधों से निपटने के नए तरीके खोजने होंगे।
उन्होंने इन धोखाधड़ियों को डिजिटल डकैती का रूप बताया और कहा कि न्यायपालिका को यह सुनिश्चित करना होगा कि आम नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहें। सीजेआई ने जोर देकर कहा कि न्याय सिर्फ समय पर नहीं, बल्कि किफायती भी होना चाहिए। कानूनी उपायों की लागत आम आदमी के लिए भारी नहीं होनी चाहिए।
संविधान को बताया जीवंत दस्तावेज
सीजेआई ने संविधान को जीवंत दस्तावेज बताते हुए कहा कि अदालतों को उसके प्रावधानों की व्याख्या बदलती सामाजिक, तकनीकी और वैश्विक वास्तविकताओं के अनुरूप करनी चाहिए। चार दशक पहले एक तरह से समझा गया संवैधानिक प्रावधान आज परिस्थितियों के हिसाब से व्यापक व्याख्या मांग सकता है। हालांकि ऐसी व्याख्या संविधान के सिद्धांतों और ढांचे के प्रति निष्ठावान रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अदालतों के सामने हर दिन नए सवाल आते हैं, लेकिन संविधान की भाषा के भीतर ही प्रभावी उपाय खोजना होता है।
केंद्र-राज्य विवादों में संवाद पर जोर
भारत की संघीय व्यवस्था पर सीजेआई ने कहा कि केंद्र और संसद को राज्यों और उनकी विधानसभाओं की शक्तियों और स्वतंत्रता का सम्मान करना चाहिए। राज्य सरकारों को भी संसद की सत्ता का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान में केंद्र और राज्यों या राज्यों के बीच मतभेद सुलझाने के तंत्र हैं, जिनमें सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी शामिल है। हालांकि विवादों को जहां तक संभव हो, न्यायिक हस्तक्षेप की बजाय संवाद से सुलझाना चाहिए।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का संतुलन जरूरी
सीजेआई ने नागरिकों के मौलिक अधिकारों और संवैधानिक कर्तव्यों के बीच संतुलन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लोगों को उनके अधिकारों के बारे में शिक्षित करने के प्रयास हुए हैं और जागरूकता इसलिए जरूरी है ताकि नागरिक अपने अधिकारों का दावा कर सकें और उनकी रक्षा कर सकें। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अपने अधिकारों का प्रयोग किसी दूसरे व्यक्ति के अधिकारों का उल्लंघन करके नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक लोग अपने अधिकार नहीं जानेंगे, तब तक वे यह सुनिश्चित नहीं कर पाएंगे कि उन्हें उनके अधिकार मिल रहे हैं। मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर जोर देते हुए सीजेआई ने कहा कि नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने अधिकारों का दावा करते हुए दूसरों के अधिकारों का सम्मान करें और उन्हें बनाए रखें।
प्रस्तावना की न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता की प्रतिबद्धता पर बोलते हुए सीजेआई ने कहा कि इन मूल्यों को लोगों के रोजमर्रा के जीवन में उतारने के लिए निरंतर प्रयास की जरूरत है। चारों सिद्धांत आपस में जुड़े हैं। समानता के बिना स्वतंत्रता नहीं हो सकती, जबकि बंधुता के बिना न्याय गहराई से जड़ नहीं जमा सकता।

