देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस ने शादियों और पार्टियों के सीजन में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दायरे में 60 दिनों के लिए ड्रोन और अन्य मानव रहित विमान प्रणालियों के संचालन पर रोक लगा दी है। पालम सब डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीणा की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी यह आदेश 18 नवंबर से लागू हो गया है और 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।
किन चीजों पर लगी है रोक
पालम के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीणा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इस इलाके में ड्रोन, पैरा-ग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और एयरो-मॉडल सहित मानव रहित विमान प्रणालियों के संचालन पर रोक लगाई गई है। विमानों और एयरपोर्ट की सुरक्षा तथा आतंकी खतरे की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने यह पाबंदी लगाई है। आदेश में कहा गया है कि विश्वसनीय रिपोर्टों से पता चला है कि आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें लोगों की जान, सरकारी संपत्ति और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।
लेजर बीम से क्यों है खतरा
दिल्ली पुलिस ने पालम सब डिवीजन के दायरे में आने वाले IGI एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में शादी, पार्टियों और अन्य समारोहों के दौरान लेजर बीम के इस्तेमाल पर भी 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस ने यह कदम विमान के उतरने के दौरान लेजर बीम से पायलटों का ध्यान भटकने के खतरे को देखते हुए उठाया है। एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने बताया था कि लेजर बीम से पायलटों का ध्यान भटकने की घटनाएं सामने आई हैं, खासकर लैंडिंग के दौरान। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल परेशानी पैदा करती हैं, बल्कि यात्रियों, क्रू मेंबर्स और विमानों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी बन सकती हैं।
एयरपोर्ट के आसपास इन पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास और उसके नजदीकी इलाकों में कई फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल, होटल और रेस्तरां खुल गए हैं, जहां शादी समारोहों, पार्टियों और अन्य आयोजनों के दौरान लेजर बीम सहित तेज रोशनी का अक्सर इस्तेमाल किया जाता है। यह प्रतिबंध IGI एयरपोर्ट के आसपास समेत पालम सब डिवीजन के दायरे में आने वाले क्षेत्र में सभी व्यक्तियों, समूहों, कार्यक्रम आयोजकों, बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्तरां, इमारतों और अन्य संपत्तियों पर लागू होगा।
आदेश नहीं माना तो होगी कार्रवाई
पालम पुलिस के आदेश में कहा गया है कि इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह धारा लोक सेवक की ओर से विधिवत जारी आदेश की अवज्ञा से संबंधित है। ये दोनों आदेश इस महीने की 18 तारीख से लागू हो गए हैं और 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति को भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत सजा दी जाएगी।
BNS की धारा 223 क्या कहती है
भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 किसी लोक सेवक की ओर से जारी किए गए कानूनी आदेश की अवहेलना करने के अपराध से संबंधित है। अगर कोई व्यक्ति यह जानते हुए कि किसी लोक सेवक ने कोई आदेश जारी किया है, उसे नहीं मानता है, तो उसके खिलाफ इस धारा के तहत कार्रवाई की जा सकती है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े इन आदेशों को हल्के में न लिया जाए, क्योंकि इनका मकसद यात्रियों और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
