भारत ने बर्ड फ्लू के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने यह वैक्सीन तैयार की है। एक डोज की कीमत सिर्फ 1 से 2 रुपये रखी गई है, ताकि छोटे से छोटा पोल्ट्री किसान भी अपनी मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचा सके।
1 से 2 रुपये में एक डोज, छह महीने की सुरक्षा
यह वैक्सीन H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ तैयार की गई है। यह अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लूएंजा का वह स्ट्रेन है, जो भारतीय पोल्ट्री फार्मों में सबसे ज्यादा प्रकोप के लिए जिम्मेदार माना जाता है। संस्थान के मुताबिक प्रायोगिक परीक्षणों में वैक्सीन ने मुर्गियों को छह महीने तक सुरक्षा दी और संपर्क में रहने वाली दूसरी मुर्गियों तक संक्रमण फैलने से रोका। सरकार के मुताबिक यह दुनिया की पहली वैक्सीन है, जो बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट के खिलाफ तैयार की गई है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "यह वैक्सीन आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण है। बर्ड फ्लू से मुर्गियों की बड़े पैमाने पर मौत होती है और पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है। स्वदेशी वैक्सीन से भारत में बर्ड फ्लू पर नियंत्रण मजबूत होगा और मुर्गियों को सुरक्षा मिलेगी।" उन्होंने कहा कि भारत में 2006 से अब तक H5N1 और H5N8 के 500 से ज्यादा प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। अब तक देश में H5N1 के खिलाफ कोई वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। मंत्री ने कहा कि सस्ती वैक्सीन से छोटे पोल्ट्री किसान भी अपने पक्षियों को संक्रमण से बचा सकेंगे।
2006 से अब तक, बर्ड फ्लू से कितना नुकसान
भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था, जिसमें करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। 2021 में करीब 9 लाख मुर्गियों की मौत हुई, जबकि इस साल 2 लाख मौतें दर्ज की गई हैं। बर्ड फ्लू का प्रकोप सिर्फ मुर्गियों तक सीमित नहीं रहता। यह बीमारी दूसरे पक्षियों को भी प्रभावित करती है और प्रकोप के दौरान संक्रमित पक्षियों में लगभग सभी की मौत हो सकती है। देश में करीब 85.18 करोड़ मुर्गियों की आबादी है और हर साल वैक्सीन की 80 से 100 करोड़ डोज की मांग का अनुमान है।
वैज्ञानिकों की टीम, बिना छुट्टी के महीनों की मेहनत
वैक्सीन तैयार करने का काम सितंबर 2025 में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 में इसे तैयार कर लिया गया। टीम का नेतृत्व प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन ने किया, जबकि टीम निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल रहे। टीम में डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरुगकर, डॉ. डी. सेंथिल कुमार, डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशराध्य आर. शामिल थे। मंत्री ने बताया कि वैज्ञानिकों ने महीनों तक शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना काम किया। प्रयोगशाला में कड़े जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ा, जिसके तहत वैज्ञानिकों को विशेष सावधानियां बरतनी पड़ीं।
भोपाल में बनेगी 300 करोड़ रुपये की नई लैब
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई अत्याधुनिक पशु रोग प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की।
पशुपालन अर्थव्यवस्था के लिए क्यों अहम है यह वैक्सीन
मंत्री ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की अहम कड़ी है और किसानों की नियमित आय का जरिया है। यह क्षेत्र भारत की जीडीपी में करीब 14 प्रतिशत का योगदान देता है, जबकि पोल्ट्री का हिस्सा 1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि देश को हर साल होने वाले नुकसान का ब्योरा इस प्रकार है।
- खुरपका मुंहपका रोग से करीब 22,000 करोड़ रुपये का नुकसान - लंपी त्वचा रोग से 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान - ब्रूसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये का नुकसान - पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान
इन बीमारियों से कुल मिलाकर हर साल करीब 56,000 करोड़ रुपये का नुकसान होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया था, जिसके तहत खुरपका मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147.16 करोड़ मुफ्त वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं। भारतीय वैज्ञानिकों ने लंपी त्वचा रोग के खिलाफ भी स्वदेशी वैक्सीन तैयार की है।
