पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को रविवार सुबह तकनीकी खराबी के बाद वापस पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट 6E 0623 में 192 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का लैंडिंग गियर बंद नहीं हुआ और खुला ही रह गया। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी।
विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-IZE है। पुणे एयरपोर्ट का संचालन भारतीय वायुसेना के पास है। खराबी की सूचना मिलते ही वायुसेना ने एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। दमकल की गाड़ियों, एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी टीमों को अलर्ट पर रखा गया।
रनवे पर नीचे से उड़ान भरकर जांचा गया गियर
लैंडिंग से पहले विमान ने रनवे के ऊपर से नीचे उड़ान भरी, ताकि जमीन पर मौजूद अधिकारी लैंडिंग गियर की हालत को आंखों से देख सकें। जांच के बाद विमान को उतरने की मंजूरी दी गई। विमान सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।
उतरने के बाद विमान को तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में बे नंबर 7 तक ले जाया गया। विमान की हालत सामान्य और सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 9:10 बजे फुल इमरजेंसी हटा ली गई। इसके बाद एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सभी 192 लोग सुरक्षित, कोई घायल नहीं
इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। सभी 192 यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुणे एयरपोर्ट के निदेशक संतोष ढोके के अनुसार, इमरजेंसी से निपटने की पूरी प्रक्रिया वायुसेना, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और इंडिगो के साथ मिलकर तय मानकों के अनुसार चलाई गई।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि फ्लाइट 6E 623 तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद वापस लौटी और पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरी। विमान की जांच चल रही है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही वह दोबारा उड़ान भरेगा।
बेंगलुरु से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था
यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए इंडिगो ने बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की है। यह विमान पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरेगा। एयरलाइन ने यात्रियों को नियमित अपडेट, भोजन और रिफंड जैसी मदद का भरोसा दिया है।
पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षा तैयारियां
पुणे एयरपोर्ट का संचालन भारतीय वायुसेना के पास है, इसलिए इमरजेंसी की स्थिति में वायुसेना, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरलाइन के बीच तालमेल से काम होता है। इस घटना में भी तीनों एजेंसियों ने मिलकर विमान को सुरक्षित उतारा।
