India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

माइक्रोसॉफ्ट ने ग्लोबल आउटेज पर मांगी माफी, 30 घंटे बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हुई सर्विस

माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी सेवाओं में आए बड़े ग्लोबल आउटेज के लिए ग्राहकों और भागीदारों से गहराई से माफी मांगी है। कंपनी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा, "इस घटना के कारण हम…

माइक्रोसॉफ्ट ने ग्लोबल आउटेज पर मांगी माफी, 30 घंटे बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हुई सर्विस
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आए ग्लोबल आउटेज से आउटलुक, टीम्स और कोपायलट प्रभावित हुए।

माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी सेवाओं में आए बड़े ग्लोबल आउटेज के लिए ग्राहकों और भागीदारों से गहराई से माफी मांगी है। कंपनी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा, "इस घटना के कारण हमारे ग्राहकों और भागीदारों को हुई असुविधा के लिए हम गहराई से माफी चाहते हैं।"

कंपनी ने कहा कि वह अपने ग्राहकों के भरोसे को गंभीरता से लेती है और सेवाओं में व्यापक सुधार और स्थिरता देखी जा रही है। हालांकि करीब 30 घंटे बीत जाने के बाद भी कई देशों में सेवाएं पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं।

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने भी इस तकनीकी खराबी से यूजर्स को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है। उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि इस गड़बड़ी के कारण ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए कंपनी को अफसोस है।

माइक्रोसॉफ्ट ने क्या कहा

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवधान साइबर हमले या एआई से जुड़ी किसी समस्या के कारण नहीं हुआ था। इसके बजाय यह पहले के नेटवर्क क्षमता अपग्रेड से जुड़ी एक तकनीकी समस्या के कारण हुआ, जो हाल ही में हुए नेटवर्क परिवर्तन के बाद सामने आई।

शुरुआती व्यवधान सर्वर की हेल्थ चेक विफलताओं से जुड़ा था, जिससे प्रभावित सर्वर अनुपलब्ध हो गए थे। कंपनी ने कहा कि उसने मूल समस्या का समाधान कर लिया है और बाकी प्रभावित यूजर्स और क्षेत्रों के लिए पूर्ण कार्यक्षमता बहाल करने के लिए काम कर रही है।

कंपनी ने अपनी आंतरिक समीक्षा पूरी होने के बाद एक विस्तृत घटना रिपोर्ट जारी करने का वादा भी किया है।

कितना बड़ा था असर

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी गुरुवार की रात शुरू हुई थी। इसका असर भारत और अमेरिका समेत 70 से ज्यादा देशों में देखने को मिला। आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और एआई असिस्टेंट कोपायलट जैसी प्रमुख सेवाएं गंभीर रूप से बाधित हुईं।

आउटेज ट्रैकर डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, आउटलुक आउटेज की रिपोर्ट 1,38,000 से अधिक तक पहुंच गई थी। माइक्रोसॉफ्ट 365 से जुड़ी शिकायतें भी हजारों में दर्ज की गईं।

दुनिया भर में करीब 43 करोड़ लोग माइक्रोसॉफ्ट के प्रभावित प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं। इस वैश्विक आउटेज से करीब 10 अरब डॉलर यानी 93 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई गई है। अमेरिकी शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट भी देखी गई।

बहाली की क्या स्थिति है

कंपनी ने सेवाओं को धीरे धीरे बहाल किया है, ताकि हर चरण में स्थिरता की पुष्टि की जा सके। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 घंटे बाद कई देशों में सर्विस ने दोबारा काम करना शुरू कर दिया है, जो उम्मीद से बेहतर है।

हालांकि सर्वर पूरी तरह कब तक रिकवर करेंगे, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। एशिया पैसिफिक रीजन में प्रभावित सिस्टम के कई हिस्सों को ठीक कर लिया गया है और वहां सेवाओं को बहाल करने का काम शुरू हो गया है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →