जनक महल से 100 मीटर दूर टूटी सड़क और जलभराव, सपा व्यापार सभा ने उठाई विकास कार्य की मांग
गली नंबर 12 में सड़क की खराब स्थिति और नालियों के पानी से परेशान स्थानीय लोगों की समस्याएं उठाईं
आगरा, 28 सितंबर। जनकपुरी स्थित जनक महल से करीब 100 मीटर दूर सड़क की खराब स्थिति और जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा ने विकास कार्य कराने की मांग उठाई है। सोमवार को सपा व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गली नंबर 12, वार्ड 88, उमाकुंज बाबरपुर, सिकंदरा क्षेत्र का दौरा किया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, जनकपुरी क्षेत्र में जनक महल के आयोजन को देखते हुए नगर निगम की ओर से करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, नाली, खड़ंजा, प्रकाश व्यवस्था और सफाई से संबंधित कार्य शामिल बताए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद गली नंबर 12 से उमाकुंज बाबरपुर स्थित सरकारी स्कूल की ओर जाने वाला रास्ता बदहाल है।
सपा व्यापार सभा का कहना है कि जनक महल से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस रास्ते पर जगह-जगह सड़क टूटी हुई है और बारिश व नालियों का पानी सड़क पर बहने से कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, खराब रास्ते के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और लोग कई बार गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय लोग क्षेत्रीय पार्षद से कई बार सड़क, नाली और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं, लेकिन समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। सपा व्यापार सभा ने विकास कार्यों की प्राथमिकता को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जिन क्षेत्रों में विकास की आवश्यकता अधिक है, वहां पहले काम कराया जाना चाहिए।
सोमेश गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापार सभा स्थानीय लोगों की समस्याओं को उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया जाएगा।
इस दौरान राघवेंद्र सिंह, सुनील सिंह, लेखराज, मनीष रंजन, राधा, पुष्पा, आशा गुप्ता, संतोष गुप्ता, शशि शर्मा, उमा शर्मा, ललित देवी, आरती, मोना, मनोज, रजिया, कमलेश, सूरज गुप्ता, सुनील गुप्ता, कन्हैया यादव, लखन यादव, विष्णु, महेश कुमार, राजेश, लता देवी, हरिओम, लक्ष्मी, मीना देवी, रामवीर पचौरी, फरीद, बल्लू, चांदनी, रमेश चंद, भूपेंद्र कुमार, मंजू, दीपक, रोहित, संदीप, संजय, गायत्री, गौरव सिंह, भगवान स्वरूप, प्रदीप, योगेश, पारस शर्मा, सौरभ ठाकुर, प्रवीण शर्मा, लखन मेहर, सूरज शर्मा, योगेश सिंह, भीमसेन, सरिता सिंह और विष्णु प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
