भारतीय फुटबॉल टीम को ऑकलैंड में खेले गए फ्रेंडली मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5-0 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के पीछे 24 घंटे का लंबा सफर और 7.5 घंटे का समय अंतर बड़ी वजह बताया जा रहा है। भारतीय खिलाड़ी जेट लैग से जूझते रहे और मैदान पर उनकी थकान साफ नजर आई।
मैच में न्यूजीलैंड के लिए जेसी रैंडल ने दो गोल किए, जबकि क्रिस वुड और लाचलान बेलिस ने एक एक गोल किया। भारत के बिजॉय वर्गीस से एक आत्मघाती गोल भी हो गया।
शरीर घड़ी से नहीं मिल पाया तालमेल
भारतीय टीम को भारत से न्यूजीलैंड पहुंचने में करीब 24 घंटे लगे। भारतीय समय और न्यूजीलैंड के समय में 7.5 घंटे का अंतर है। मैच स्थानीय समय के अनुसार शाम 7 बजे शुरू हुआ, जो भारतीय समय के अनुसार सुबह 11 बजकर 30 मिनट था।
टीम के एक अधिकारी के मुताबिक, खिलाड़ी स्थानीय समय के अनुसार सुबह 3 से 4 बजे ही जाग जा रहे थे और उनका शरीर नए समय के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहा था। जेट लैग की वजह से खिलाड़ियों की फिटनेस और एकाग्रता दोनों पर असर पड़ा।
विशाल कैथ ने बचाई और शर्मिंदगी
गोलकीपर विशाल कैथ ने कई बेहतरीन बचाव किए और एक पेनल्टी भी रोकी, जिससे हार का अंतर और बड़ा नहीं हुआ। अगर कैथ का प्रदर्शन नहीं होता तो स्कोरलाइन और खराब हो सकती थी।
भारतीय टीम अब डेढ़ घंटे की उड़ान भरकर क्राइस्टचर्च जाएगी, जहां रविवार 15 नवंबर को वन न्यूजीलैंड स्टेडियम में दूसरा फ्रेंडली मैच खेला जाएगा।
